झुंझुनूं। उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित तौर पर किए गए ‘शुद्धिकरण’ के विरोध में शुक्रवार को झुंझुनूं में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान और प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर कार्यकर्ताओं ने विद्यार्थी भवन (जाट बोर्डिंग) से गांधी पार्क तक पैदल मार्च निकाला और बाद में सत्याग्रह किया।

जिला कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव सलीम खान सिगड़ी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा के खिलाफ नारे लगाए और इस कथित घटना को सामाजिक समानता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के विरुद्ध बताया।

गांधी पार्क पहुंचकर किया सत्याग्रह

पैदल मार्च के बाद कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता गांधी पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने सत्याग्रह कर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि राजनीतिक और वैचारिक मतभेद लोकतंत्र का हिस्सा हैं, लेकिन जाति और सामाजिक पहचान के आधार पर किसी व्यक्ति को कथित तौर पर अपमानित किया जाना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

नेताओं ने आरोप लगाया कि खड़गे के साथ कथित व्यवहार केवल एक व्यक्ति से जुड़ा विषय नहीं है, बल्कि यह संविधान, सामाजिक न्याय और समानता की भावना से जुड़ा मुद्दा है।

कांग्रेस नेताओं ने उठाया सामाजिक समानता का मुद्दा

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि लोकतंत्र में विचारों का विरोध किया जा सकता है, लेकिन किसी जनप्रतिनिधि या संवैधानिक मूल्यों का अपमान नहीं होना चाहिए। उन्होंने सामाजिक समानता और संविधान की गरिमा की रक्षा के लिए अपनी आवाज लगातार उठाने की बात कही।

जिला प्रवक्ता जाकिर झुंझुनवाला ने बताया कि प्रदर्शन में युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, ओबीसी विभाग, सेवादल, एससी प्रकोष्ठ, विधि प्रकोष्ठ और अन्य कांग्रेस संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता शामिल हुए।

बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता रहे मौजूद

कार्यक्रम में युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव अविनाश महला, एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राहुल जाखड़, कांग्रेस ओबीसी विभाग जिलाध्यक्ष संतोष सैनी, सेवादल जिलाध्यक्ष हारून लालपुर, एससी प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष अमर सिंह धीरज, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन जिलाध्यक्ष विजय मील, विधि प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष एडवोकेट नवीन सैनी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा निर्वतमान जिला परिषद सदस्य डॉ. विनीता रणवा, पिलानी चेयरमैन प्रतिनिधि रोहिताश रणवा, पूर्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र बेनीवाल, झुंझुनूं ब्लॉक अध्यक्ष अजमत अली, मंडावा ब्लॉक अध्यक्ष किरोड़ीमल पायल, चिड़ावा ओबीसी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष सुभाष भांबू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी सामाजिक समानता, संविधान की गरिमा और लोकतांत्रिक अधिकारों के मुद्दों पर आगे भी आवाज उठाती रहेगी।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...