राजस्थान में प्रस्तावित नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार शनिवार को विद्यार्थी भवन (जाट बोर्डिंग), झुंझुनूं में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मंडावा विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रीटा चौधरी ने की।

बैठक में आगामी चुनावों की रणनीति, बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क अभियान और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई।

एकजुटता को बताया जीत की कुंजी

जिला सह प्रभारी रियाजत अली ने कहा कि आगामी चुनावों में जीत का आधार संगठन की एकजुटता होगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ पार्टी को मजबूत करने का आह्वान किया।

‘आज से चुनाव घोषित मानकर करें काम’

जिला कांग्रेस अध्यक्ष रीटा चौधरी ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे आज से ही चुनाव घोषित मानकर अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय हो जाएं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का मूल्यांकन बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क और सक्रियता के आधार पर किया जाएगा तथा उसी के अनुरूप टिकट के लिए नामों की अनुशंसा होगी।

उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से विभिन्न जन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने और कांग्रेस की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पार्टी जिसे भी उम्मीदवार बनाए, उसे विजयी बनाना हर कार्यकर्ता की जिम्मेदारी होगी।

मजबूत उम्मीदवारों के चयन पर रहेगा जोर

पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी जमीनी स्तर पर सर्वे कराकर मजबूत और जीताऊ उम्मीदवारों का चयन करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाए रखने की अपील की।

ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष संतोष सैनी ने कहा कि संगठन का हित सर्वोपरि है और बूथ स्तर पर किया गया ईमानदार कार्य ही कार्यकर्ता की वास्तविक पहचान बनेगा।

संगठन को मजबूत बनाने पर जोर

बैठक में डॉ. विनीता रणवा, सुनील झाझड़िया, सज्जन मिश्रा, डॉ. शीशराम गुर्जर, शकुंतला यादव, लोकेश जांगिड़, सुमेर सिंह महला और नरेश सोनी सहित कई नेताओं ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने संगठन की मजबूती, कार्यकर्ताओं की एकजुटता और पार्टी के निर्णयों के अनुरूप कार्य करने पर बल दिया।

बड़ी संख्या में कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में जिलेभर से पीसीसी सदस्य, ब्लॉक अध्यक्ष, नगर कांग्रेस पदाधिकारी, सरपंच, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, पार्षद और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शमशाद खान सिरियासर ने किया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...