राजस्थान में प्रस्तावित नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनाव-2026 को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी, झुंझुनूं की ओर से शनिवार (1 अगस्त) को संगठनात्मक बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक प्रातः 10 बजे विद्यार्थी भवन (जाट बोर्डिंग), झुंझुनूं में होगी, जिसमें आगामी चुनावों की रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की जाएगी।
चुनावी रणनीति पर होगा मंथन
मंडावा विधायक एवं जिला कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष रीटा चौधरी ने बताया कि बैठक में नगर निकाय एवं पंचायती राज चुनावों की तैयारियों, स्थानीय जनसमस्याओं, जनसंपर्क अभियान, प्रचार-प्रसार, बूथ स्तर की रणनीति तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा होगी।
वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष संतोष सैनी ने बताया कि बैठक में विधानसभा एवं ब्लॉक प्रभारी, सांसद, पूर्व सांसद, सांसद प्रत्याशी, विधायक, विधायक प्रत्याशी, एआईसीसी एवं पीसीसी सदस्य, पूर्व जिला प्रमुख एवं उप जिला प्रमुख, पूर्व प्रधान, पूर्व सभापति एवं अध्यक्ष, प्रतिपक्ष नेता, ब्लॉक एवं मंडल अध्यक्ष, जिला कांग्रेस कमेटी के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारी, जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य, पूर्व एवं निवर्तमान पार्षद तथा कांग्रेस के विभिन्न विभागों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
समय पर पहुंचने की अपील
संतोष सैनी ने सभी आमंत्रित पदाधिकारियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से निर्धारित समय पर बैठक में उपस्थित होकर आगामी चुनावों की रणनीति को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।






