झुंझुनूं। राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक आचार्य (शारीरिक शिक्षा) भर्ती परीक्षा में झुंझुनूं जिले के ढाढोत खुर्द निवासी पति-पत्नी राहुल ओला और इंदु चौधरी का चयन हुआ है। दोनों की इस उपलब्धि से परिवार, गांव और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
वर्तमान में स्कूल शिक्षा विभाग में हैं कार्यरत
राहुल ओला और इंदु चौधरी वर्तमान में स्कूल शिक्षा विभाग में शारीरिक शिक्षा अनुदेशक के पद पर कार्यरत हैं। अब दोनों का चयन आरपीएससी की सहायक आचार्य (शारीरिक शिक्षा) भर्ती परीक्षा में हुआ है।
इंदु को 29वीं और राहुल को मिली 121वीं रैंक
जिला खेल अधिकारी राजेश ओला ने बताया कि भर्ती परीक्षा में इंदु चौधरी ने 29वीं रैंक और राहुल ओला ने 121वीं रैंक प्राप्त की है।
उन्होंने बताया कि दोनों ने अपनी उच्च शिक्षा राजस्थान विश्वविद्यालय, जयपुर से प्राप्त की है। कठिन परिश्रम, नियमित अध्ययन और खेल शिक्षा के प्रति समर्पण के बल पर उन्होंने यह सफलता हासिल की।
ग्रामीणों ने किया सम्मान
चयन की सूचना मिलने के बाद गांव में खुशी का माहौल रहा। इस अवसर पर नरेंद्र ओला, चंद्रभान ओला, राजेंद्र, करणीराम, वीरेंद्र, सुरेंद्र, राकेश, अजय, संजय, परमेंद्र, गौरव और राजीव सहित अनेक ग्रामीणों एवं गणमान्य नागरिकों ने दोनों का स्वागत किया, मिठाई खिलाकर बधाई दी तथा उनकी सफलता को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।






