झुंझुनूं। साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सदर थाना पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार जांच में एक बैंक खाते में 24 जुलाई 2026 को कुल करीब 1.98 लाख रुपये की चार रकम प्रथम लेयर में प्राप्त होना सामने आया था और इसी खाते से जुड़ी चार साइबर शिकायतें साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज मिलीं।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित कुमार निवासी मारीगसर और राजकुमार निवासी पुरानी बस्ती चनाना के रूप में हुई है। दोनों को 12 अगस्त 2026 को प्रकरण में वांछित होने पर गिरफ्तार किया गया।

बैंक खाते में आई चार संदिग्ध रकम

पुलिस के अनुसार साइबर अपराधियों के खिलाफ जांच के दौरान खाताधारक सुभाष कुमार निवासी मारीगसर के बैंक खाते की जानकारी सामने आई। इस खाते में 24 जुलाई को क्रमशः ₹95,000, ₹36,000, ₹24,700 और ₹43,000 प्राप्त हुए।

पुलिस जांच में इस खाते के संबंध में साइबर क्राइम पोर्टल पर चार साइबर शिकायतें दर्ज मिलीं।

कमीशन के लालच में बैंक खाता उपलब्ध कराने का आरोप

पुलिस के मुताबिक खाताधारक सुभाष कुमार से पूछताछ में सामने आया कि अमित कुमार और राजकुमार ने उसका बैंक खाता खुलवाया और उसकी पासबुक, एटीएम तथा चेकबुक अपने पास रख ली।

पुलिस के अनुसार खाते के बदले सुभाष कुमार को ₹5,000 दिए गए थे और हर महीने ₹5,000 देने का लालच दिया गया था। जांच में पुलिस ने पाया कि कमीशन के लालच में बैंक खाता साइबर ठगी के लिए उपलब्ध कराया गया था।

बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला

पुलिस के अनुसार मामले में सुभाष कुमार, अमित कुमार, राजकुमार और अन्य के खिलाफ धारा 318(2), 318(4), 316(2), 61(2) बीएनएस एवं धारा 66डी आईटी एक्ट के तहत अपराध पाए जाने पर मुकदमा दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

जांच के बाद पुलिस ने अमित कुमार पुत्र कमलेश कुमार निवासी मारीगसर और राजकुमार पुत्र रोहिताश निवासी पुरानी बस्ती चनाना को गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे अनुसंधान जारी है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...