झुंझुनूं। कोतवाली पुलिस ने वाहन खरीद-बिक्री के नाम पर धोखाधड़ी और रकम हड़पने के मामले में वांछित आरोपी रामचंद्र को नोएडा से गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 7 फरवरी 2025 को राजस्थान हर्बल इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के डायरेक्टर साजिद दीवान, निवासी इंदिरा नगर झुंझुनूं, ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दी थी।

रिपोर्ट में बताया गया कि कंपनी के काम के लिए रेंज रोवर डिफेंडर-130 वाहन खरीदने के लिए नोएडा की कंपनी AVYAAN Automotive Pvt. Ltd. के संचालक रामचंद्र से संपर्क किया गया था।

कंपनी के खाते से RTGS के जरिए रकम ट्रांसफर

पुलिस के मुताबिक रामचंद्र ने वाहन की कुल कीमत 1,67,37,089 रुपये बताई थी। बुकिंग और अग्रिम राशि के तौर पर कंपनी के खाते से आरोपी के बताए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, गौर सिटी नोएडा वेस्ट शाखा के खाते में रकम भेजी गई।

6 मार्च 2024 को 7 लाख रुपये और 8 मार्च 2024 को 10 लाख रुपये ऑनलाइन RTGS के जरिए ट्रांसफर किए गए। इस तरह कुल 17 लाख रुपये दिए गए।

आरोपी ने छह महीने में वाहन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया था।

वाहन नहीं दिया, रकम मांगने पर धमकी का आरोप

पुलिस के अनुसार निर्धारित अवधि पूरी होने के बाद भी वाहन उपलब्ध नहीं कराया गया। इसके बाद प्रार्थी ने रकम वापस मांगी तो आरोपी ने कथित तौर पर पैसे लौटाने से इनकार किया।

रिपोर्ट में आरोपी पर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया। इसके बाद कोतवाली थाने में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

बैंक डिटेल और तकनीकी साक्ष्य जुटाए

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और बैंक संबंधी विवरण जुटाए। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित की गईं और दिल्ली तथा नोएडा में लगातार दबिश दी गई।

पुलिस के अनुसार आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। जुलाई 2026 में वह एक प्रदर्शन के दौरान मंच पर भी नजर आया था और पुलिस को गुमराह करता रहा।

सूरजपुर नोएडा से आरोपी गिरफ्तार

लगातार तलाश के दौरान पुलिस को मुखबिर से आरोपी के बारे में सूचना मिली। इसके आधार पर 28 सितंबर 2026 को रामचंद्र पुत्र प्रेमलाल को सूरजपुर, नोएडा (उत्तर प्रदेश) से दस्तयाब कर गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को अनुसंधान के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस टीम ने की कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका के निकट सुपरविजन में की गई।

कार्रवाई कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील के नेतृत्व में गठित टीम ने की।

आरोपी का विवरण

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामचंद्र पुत्र प्रेमलाल, उम्र 36 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी दिल्ली के अशोक विहार क्षेत्र का निवासी है और नोएडा-ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में भी रह रहा था।

पुलिस ने मामले में आरोपी से संबंधित दस्तावेज और अन्य तथ्यों की जांच के साथ आगे का अनुसंधान जारी रखा है।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...