झुंझुनूं, पावर फाइनेंस कॉरपोरेशन के तत्वावधान में राष्ट्रीय विद्युत प्रशिक्षण संस्थान, शिवपुरी की ओर से आर.डी.एस.एस. योजना के तहत डिस्कॉम कर्मचारियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण का समापन शनिवार को झुंझुनूं में हुआ। समापन समारोह को संबोधित करते हुए विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता शीशराम मील ने कर्मचारियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा, “हादसा नहीं, सुरक्षा चाहिए” और प्रत्येक कर्मचारी का सुरक्षित घर लौटना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है।

बिजली सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की दी जानकारी

तीन दिनों तक चले प्रशिक्षण में विशेषज्ञों ने कर्मचारियों को विभिन्न तकनीकी और सुरक्षा विषयों पर प्रशिक्षण दिया। इसमें कार्य अनुमति प्रक्रिया, अग्नि सुरक्षा, विद्युत खतरों की पहचान और केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण विनियमन-2023 से जुड़े प्रावधानों की जानकारी दी गई।

इसके अलावा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देश, ट्रांसमिशन एवं वितरण लाइन, स्मार्ट मीटर स्थापना, ट्रांसफार्मर और सर्किट ब्रेकर विफलता के दौरान बचाव उपायों सहित अन्य विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण के अंत में कर्मचारियों का मूल्यांकन परीक्षण भी आयोजित किया गया।

अनुभवी प्रशिक्षकों ने दिया प्रशिक्षण

प्रशिक्षण में सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता खुर्शीद हुसैन, सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता आर. सिंह, योगेश पालीवाल, निपुण अरोड़ा और सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता मुकेश कुमार सिंघल सहित अनुभवी प्रशिक्षकों ने विभिन्न विषयों पर जानकारी दी।

शिविर का आयोजन अधीक्षण अभियंता (ट्रेनिंग) एच.आर. नाराणिया और अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग झुंझुनूं वीरेंद्र खिचड़ के दिशा-निर्देशन में किया गया।

आपात स्थिति में सही निर्णय लेने में मिलेगी मदद

प्रशिक्षण संयोजक एवं सहायक अभियंता निशा हिरणवाल ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों को आपात परिस्थितियों में त्वरित और सही निर्णय लेने में सक्षम बनाना है।

उन्होंने कहा कि इससे कार्यस्थल पर होने वाले हादसों में कमी लाने में मदद मिलेगी और विद्युत आपूर्ति को अधिक विश्वसनीय एवं निर्बाध बनाने में भी योगदान मिलेगा।

उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण से कर्मचारियों की कार्यकुशलता और आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा आमजन को सुरक्षित और निर्बाध बिजली सेवा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी।

अधिकारी और कर्मचारी रहे मौजूद

समापन अवसर पर प्रशिक्षण संयोजक सहायक अभियंता निशा हिरणवाल, पी.एफ.सी. उपमहाप्रबंधक संजेश कुमार, अधिशासी अभियंता मुमताज अली, अधिशासी अभियंता नाजिम जांगिड़, अतिरिक्त निदेशक योगेश पालीवाल, निपुण अरोड़ा, तौफिक और राजेन्द्र सरावग सहित बड़ी संख्या में अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...