झुंझुनूं, जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक गुरुवार को जिला परिषद सभागार में सांसद बृजेंद्र ओला की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने और योजनाओं का समयबद्ध एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मंडावा विधायक रीटा चौधरी, पिलानी विधायक पितराम काला, उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी, जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग, पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी परशुराम धानका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
सांसद निधि के कार्यों में देरी पर जताई नाराजगी
सांसद बृजेंद्र ओला ने सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना के अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों में बालिकाओं के शौचालय निर्माण के लिए राशि जारी होने के बावजूद कार्य शुरू नहीं होने पर नाराजगी जताई।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि सांसद निधि से स्वीकृत विकास कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिन भवनों या परियोजनाओं पर सरकारी धन खर्च होता है, उनके शिलान्यास और उद्घाटन में नियमानुसार जनप्रतिनिधियों का नाम अंकित किया जाना चाहिए।
जल जीवन मिशन से लेकर पेंशन योजनाओं तक हुई समीक्षा
बैठक में जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीएमकेकेवाई, कृषि, पशुपालन, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा, सामाजिक सुरक्षा पेंशन और अल्पसंख्यक छात्रवृत्ति सहित विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं का लाभ निर्धारित समय में पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए और कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए।
विधायकों ने भी उठाए क्षेत्रीय मुद्दे
मंडावा विधायक रीटा चौधरी ने राज्यसभा सांसद निधि से स्वीकृत कार्यों में हो रही देरी पर नाराजगी जताते हुए शीघ्र कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल वाहनों की नियमित जांच और मिठवास में तैयार उप स्वास्थ्य केंद्र को जनहित में जल्द शुरू करने की आवश्यकता भी बताई।
उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी ने क्षेत्र में ओवरलोड वाहनों और धूल प्रदूषण का मुद्दा उठाया। इस पर जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने खान, परिवहन और पुलिस विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वहीं पिलानी विधायक पितराम काला ने जर्जर विद्यालय भवनों के पुनर्निर्माण तथा डीएमएफटी मद से स्वीकृत नलकूपों का निर्माण शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी।
अधिकारियों को दिए समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश
बैठक के अंत में विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए, ताकि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंच सके।






