झुंझुनूं। बच्चों की शिक्षा के लिए काम कर रही सामाजिक संस्था एफर्ट्स ने बुधवार को अपना सातवां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने अंबेडकर भवन झुंझुनूं में केक काटकर खुशियां साझा कीं।
संस्था का गठन 10 सितंबर 2019 को बच्चों की शिक्षा में सहयोग के उद्देश्य से किया गया था। संस्था ने अब तक अपने सात वर्षों के सफर में शिक्षा के क्षेत्र में लगातार काम किया है।
सैकड़ों बच्चों को दी लाखों की स्कॉलरशिप
एफर्ट्स संस्था की ओर से अब तक सैकड़ों बच्चों को लाखों रुपए की स्कॉलरशिप प्रदान की जा चुकी है। संस्था का मुख्य फोकस आर्थिक रूप से जरूरतमंद एवं अनुसूचित जाति के बच्चों की शिक्षा को सहयोग देना रहा है।
संस्था से स्कॉलरशिप प्राप्त कर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़े 43 बच्चों का विभिन्न राजकीय सेवाओं के साथ NEET और IIT में चयन हो चुका है। यह संस्था के शिक्षा सहयोग अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।
शिक्षा के लिए लगातार प्रयास
संस्था के सदस्य अनुसूचित जाति के बच्चों को शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। स्कॉलरशिप के माध्यम से बच्चों की पढ़ाई में आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि प्रतिभाशाली विद्यार्थी आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपनी पढ़ाई न छोड़ें।
स्थापना दिवस पर सदस्य रहे मौजूद
स्थापना दिवस कार्यक्रम में इंद्राज सिंह भूरिया, डॉ. राकेश माहिच, सीताराम बास बुडाना, सुनील गोठवाल, नरेंद्र कहडायला, अजय काला, महावीर सानेल, राजेश हरिपुरा, मदनलाल गुडेसर, महेश जसरापुर, सुनील रसोड़ा, संदीप बौद्ध, हीरालाल और किशनलाल सहित संस्था के कई सदस्य मौजूद रहे।
सदस्यों ने संस्था के सात वर्षों के सफर पर खुशी जताई और बच्चों की शिक्षा के लिए आगे भी इसी तरह कार्य जारी रखने का संकल्प लिया।






