झुंझुनूं। शहर के पीरू सिंह सर्किल के पास गुढ़ा मोड़ की तरफ जाने वाली तीन नंबर रोड पर सुबह करीब 7 बजे अचानक बिजली के तारों से अंगारे फूटने लगे।
तारों में हुई तेज स्पार्किंग के चलते आसपास मौजूद लोगों में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल बन गया। सुबह का समय होने के कारण मौके पर ज्यादा भीड़ नहीं थी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
निजी बसों और चाय की थड़ियों के कारण संवेदनशील इलाका
जिस स्थान पर यह घटना हुई, उसके पास ही निजी बसें आकर रुकती हैं। इसके अलावा सड़क किनारे चाय की थड़ियां भी लगी हुई हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन के समय यहां काफी आवाजाही रहती है। ऐसे में बिजली तारों में लगातार स्पार्किंग होना गंभीर खतरे का कारण बन सकता है।
पांच बिजली तार, पेड़ की शाखाएं भी फंसी
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार इस स्थान से बिजली लाइन के करीब पांच तार गुजर रहे हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इनमें कुछ तार ढीले हैं और पेड़-पौधों की शाखाएं भी तारों के बीच फंसी हुई हैं।
लोगों के मुताबिक दो बिजली के तार एक जगह आपस में मिल गए, जिसके कारण स्पार्किंग और अंगारे निकलने की घटना हुई।
रुक-रुककर होती रही स्पार्किंग
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के बाद भी तारों के बीच रुक-रुककर स्पार्किंग होती रही। इससे आसपास के लोगों में चिंता बनी रही।
लोगों ने बिजली विभाग को दूरभाष के माध्यम से सूचना देने का प्रयास किए जाने की बात कही। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मौके पर विभाग की टीम के नहीं पहुंचने की जानकारी सामने आई।
लोगों ने जल्द कार्रवाई की मांग की
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बिजली तारों की ढिलाई, पेड़ों की शाखाओं और तारों के आपस में टकराने की समस्या को समय रहते ठीक नहीं किया गया तो भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में गंभीर हादसा हो सकता है।
लोगों ने बिजली विभाग से मौके का निरीक्षण कर तारों को दुरुस्त करने और पेड़ की शाखाओं को हटाने की मांग की है।






