झुंझुनूं जिले की गोठड़ा थाना पुलिस ने बारातियों के साथ मारपीट, जातिसूचक अपशब्द कहने और धमकी देने के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन में विशेष टीम द्वारा की गई।
बारात के दौरान हुई थी घटना
पुलिस के अनुसार परिवादी हीरालाल निवासी टोडपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके छोटे भाई कमलेश की बारात के दौरान कई लोग वाहनों में सवार होकर मौके पर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने बारातियों के साथ मारपीट की, जातिसूचक अपशब्द कहे, गाली-गलौज की तथा वाहनों में तोड़फोड़ की। रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जिला कारागृह से प्रोडक्शन वारंट पर लाकर की गिरफ्तारी
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने वांछित आरोपियों अजय कुमार उर्फ अज्जू, मंजीत सिंह, संदीप और विकास उर्फ बाजी को जिला कारागृह, झुंझुनूं से प्रोडक्शन वारंट पर प्राप्त कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य वांछित आरोपियों की तलाश जारी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
- अजय कुमार उर्फ अज्जू (24) निवासी ढाकला की ढाणी, चिराणा, थाना गोठड़ा
- मंजीत सिंह (21) निवासी बागोरिया की ढाणी, थाना गोठड़ा
- संदीप (21) निवासी खाल्डा की ढाणी, टोडपुरा, थाना गोठड़ा
- विकास उर्फ बाजी (23) निवासी टोडपुरा, थाना गोठड़ा






