झुंझुनूं। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए पुलिस और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने गुढ़ा मोड़ से आर्मी हॉस्पिटल तक अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान सड़क पर किए गए अस्थायी एवं अवैध अतिक्रमण हटवाए गए और यातायात में बाधा बन रहे वाहनों को व्यवस्थित कराया गया।
पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। वृताधिकारी शहर झुंझुनूं गोपाल सिंह के सुपरविजन में यातायात प्रभारी पुलिस निरीक्षक कस्तूर वर्मा, कोतवाल पुलिस निरीक्षक श्रवण कुमार मील तथा नगर परिषद आयुक्त राकेश कुमार सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की।
सड़क से हटवाए अतिक्रमण
कार्रवाई के दौरान दुकानदारों, वाहन चालकों और अन्य व्यवसायियों द्वारा सड़क पर सामान रखकर तथा वाहन खड़े कर किए गए अस्थायी अतिक्रमण को हटवाया गया। यातायात में बाधा उत्पन्न करने वालों को समझाइश देते हुए सड़क मार्ग को आमजन और वाहन चालकों के सुगम आवागमन के लिए व्यवस्थित कराया गया।
22 वाहनों के चालान
संयुक्त कार्रवाई के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 22 वाहनों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान की कार्रवाई की गई। वाहन चालकों को सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा नहीं करने और यातायात नियमों की पालना करने की समझाइश दी गई।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर की मुख्य सड़कों पर अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आमजन और व्यापारियों से सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण नहीं करने तथा यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।






