झुंझुनूं, गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर रोहित महला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो अवैध जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी इन्द्रप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई को गठित टीम जानलेवा हमला और फायरिंग के एक प्रकरण में वांछित आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी रोहित किशोरपुरा की पहाड़ियों में भैरूजी मंदिर के पास हथियारों की डील करने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
तलाशी में मिले दो जिंदा कारतूस
पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसके कब्जे से दो अवैध जिंदा कारतूस बरामद हुए। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर कारतूस जब्त कर लिए गए।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
21 मामलों में दर्ज है नाम
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार रोहित महला (24) निवासी बड़ की ढाणी, गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ पहले से 21 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा वह गुढ़ागौड़जी थाना क्षेत्र में दर्ज जानलेवा हमला और फायरिंग के एक मामले में भी वांछित चल रहा था।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।






