
यह कार्रवाई तहसीलदार महेंद्र मूंड और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी राजेश बजाड़ की अगुवाई में की गई ।
नगर परिषद की जेसीबी और कार्मिकों द्वारा अस्थायी अतिक्रमण को हटाया गया।कार्रवाई के दौरान कोतवाली थाना पुलिस का जाप्ता मौके पर तैनात रहा, ताकि किसी भी प्रकार की कानून-व्यवस्था की स्थिति में बाधा उतपन्न न हो ।
वक्फ बोर्ड के जिलाध्यक्ष इकबाल गांगियासर ने बताया कि हांडीशाह की दरगाह के पास भूमि वक्फ बोर्ड के नाम दर्ज है। इस जमीन से अतिक्रमण हटाने को लेकर कई बार जिला प्रशासन को लिखित में अवगत कराया गया था, प्रशासन द्वारा अस्थायी निर्माण, खोखे और अन्य अवैध कब्जों को हटाया गया है, ताकि वक्फ संपत्ति को अतिक्रमण मुक्त कराया जा सके।लंबे समय से चले आ रहे इस मामले में अब प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।
तहसीलदार महेंद्र मूंड ने बताया कि यह कार्रवाई वक्फ बोर्ड के उच्चादेशों की पालना में की गई। प्रभावितों को पहले नोटिस जारी किए गए थे। बीते शुक्रवार को कोतवाली थानाधिकारी की मौजूदगी में समझाइश की गई और चेतावनी दी गई थी कि जमीन खाली कर दें, अन्यथा सख्त कार्रवाई होगी। अधिकतर लोगों ने सामान निकाल लिया, लेकिन ढांचे नहीं हटाए, जिसके बाद प्रशासन ने कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान प्रभावित दुकानदारों ने भी अपनी पीड़ा जताई। उन्होंने कहा कि वे वर्षों से यहां काम कर रहे हैं और वक्फ नियमों के अनुसार किराया देने को तैयार हैं। उन्हें रोजगार से वंचित न किया जाए। शेखावाटी लाइव ब्यूरो रिपोर्ट झुंझुनू
