झुंझुनूं। जिले में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। नोरंग राम दयानंद ढूकिया होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, नोरंग नगर, मलसीसर रोड, झुंझुनूं को राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग (NCH) ने नया होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज प्रारंभ करने की अनुमति प्रदान की है।
संस्थान सचिव डॉ. संदीप ढूकिया ने बताया कि NCH की ओर से जारी Letter of Permission के तहत संस्थान को सत्र 2026-27 में 60 सीटों की वार्षिक प्रवेश क्षमता के साथ होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज संचालित करने की स्वीकृति मिली है।
NEET विद्यार्थी इस सत्र में काउंसलिंग में ले सकेंगे भाग
संस्थान के अनुसार सत्र 2026-27 में शामिल NEET विद्यार्थी इस वर्ष होने वाली काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। इससे जिले और आसपास के क्षेत्र के विद्यार्थियों को होम्योपैथिक चिकित्सा शिक्षा के लिए नया विकल्प मिलेगा।
कॉलेज डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन राजस्थान आयुर्वेद विश्वविद्यालय, जोधपुर से संबद्ध रहेगा। इससे विद्यार्थियों को अपने क्षेत्र में ही BHMS शिक्षा प्राप्त करने का अवसर उपलब्ध होगा।
गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और व्यावहारिक प्रशिक्षण पर जोर
संस्थान सचिव डॉ. संदीप ढूकिया ने बताया कि नए कॉलेज का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण होम्योपैथिक चिकित्सा शिक्षा, आधुनिक चिकित्सकीय प्रशिक्षण और व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराना है।
उन्होंने कहा कि संस्थान के माध्यम से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।
संस्थान अध्यक्ष ने जताई खुशी
संस्थान की अध्यक्ष डॉ. सुनीता ढूकिया ने NCH से मिली अनुमति पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान के लिए गौरव का विषय है और क्षेत्र में होम्योपैथिक चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि संस्थान का प्रयास रहेगा कि विद्यार्थियों को उच्च स्तर की शिक्षा एवं प्रशिक्षण के साथ आमजन को बेहतर और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
निदेशक ने दी बधाई
संस्थान निदेशक श्री दयानंद सिंह ढूकिया ने इस उपलब्धि पर संस्थान के सभी सदस्यों को बधाई दी।
इस अवसर पर डॉ. नरेंद्र यादव, डिप्टी डायरेक्टर, प्राचार्य डॉ. हेमश्री, डॉ. रूचिरा, डॉ. राहुल, डॉ. दिनेश, डॉ. सीमरजीत कौर, डॉ. राकेश जानू, डॉ. कमलेश सैनी, विवेक त्रिपाठी, अशोक कुमार, वीरेंद्र कालेर, अमन खालिया, जाकिर नकवी, आदित्य शर्मा, विष्णु किरोड़ीवाल, निकेश शर्मा सहित समस्त संस्थान परिवार ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।






