राजस्थान सरकार के प्रभारी सचिव एवं प्रमुख शासन सचिव (सामान्य प्रशासन विभाग) नवीन जैन मंगलवार, 14 जुलाई को झुंझुनूं जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों का निरीक्षण करेंगे तथा जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं और विभागीय कार्यों की प्रगति की समीक्षा करेंगे।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया कि दौरे के दौरान प्रभारी सचिव विभिन्न स्थानों पर आयोजित सेवा शिविरों का निरीक्षण कर आमजन को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लेंगे।
उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी में करेंगे निरीक्षण
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 14 जुलाई को दोपहर 3 बजे प्रभारी सचिव उदयपुरवाटी पहुंचकर वार्ड संख्या 1 से 17 तक आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद शाम 4:30 बजे वे ग्राम पंचायत गुढ़ागौड़जी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन करेंगे।
कलेक्ट्रेट में होगी समीक्षा बैठक
शाम 5:30 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समीक्षा बैठक में नवीन जैन राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं, ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों की प्रगति, आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा विभागवार उपलब्धियों की विस्तृत समीक्षा करेंगे।
बैठक में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी।
15 जुलाई को ढिगाल और मांडासी का करेंगे दौरा
दौरे के दूसरे दिन 15 जुलाई को सुबह 10:15 बजे प्रभारी सचिव ग्राम पंचायत ढिगाल, मांडासी (नवलगढ़) में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का निरीक्षण करेंगे।
इसके बाद वे सुबह 11:30 बजे नवलगढ़ से जयपुर के लिए रवाना होंगे।





