झुंझुनूं में शनिवार को स्वतंत्रता दिवस का जिला स्तरीय समारोह स्वर्ण जयंती स्टेडियम में आयोजित हुआ, जहां जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली। समारोह में देश के लिए बलिदान देने वाले हवलदार ईश्वर सिंह की पत्नी वीरांगना किरण देवी को सम्मानित करने के साथ शिक्षा, खेल, समाज सेवा और प्रशासन समेत विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया।

ध्वजारोहण के बाद कलेक्टर ने परेड का निरीक्षण किया। राजस्थान पुलिस, होमगार्ड, एनसीसी, महिला पुलिस, स्काउट और गाइड के दलों ने अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत किया।

शहीद की वीरांगना पत्नी को सम्मान

समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब ऑपरेशन रक्षक के दौरान 6 पैरा रेजिमेंट में शहीद हुए बुहाना निवासी हवलदार ईश्वर सिंह की पत्नी किरण देवी को सम्मानित किया गया।

कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने वीरांगना किरण देवी को शॉल ओढ़ाकर प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट किया। समारोह में देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद परिवार के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।

परेड, पीटी और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने लयबद्ध पीटी और शारीरिक व्यायाम का प्रदर्शन किया। जीबी मोदी स्कूल और लिटिल फ्लॉवर स्कूल के विद्यार्थियों ने बैंड वादन की प्रस्तुति दी।

डूंडलोद पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि जेके मोदी स्कूल की छात्राओं ने देशभक्ति गीत ‘भारत रहना चाहिए’ पर नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों की तालियां बटोरीं।

राज्यपाल का संदेश पढ़ा, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय आर्य ने समारोह में राज्यपाल का प्रदेशवासियों के नाम संदेश पढ़कर सुनाया। संदेश में प्रदेश की सुख-समृद्धि, विकास और शांति की कामना के साथ स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद किया गया।

समारोह में शिक्षा, खेल, सामाजिक सेवा, नवाचार, पत्रकारिता, पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और प्रशासनिक सेवाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं एवं अधिकारियों-कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

सम्मानित होने वालों में माया भांबू, पीयूष सिंह, निखिल कुमार, बलकेश कुमारी मीणा, जोगेंद्र ढाका, राकेश कुमार अग्रवाल, सज्जन कुमार अग्रवाल, राजेश कुमार शर्मा, बीके अमृत बहन जी, जाहिद अली खोखर, होशियार सिंह, प्रहलाद राय जांगिड़, लालचंद मीणा, मल्लिका डूंडलोद, श्याम सिंह कटेवा, भूपेन्द्र पालीवाल सहित अनेक लोग शामिल रहे।

राष्ट्रगान के साथ हुआ समारोह का समापन

कार्यक्रम में विधायक राजेंद्र भांबू, एसपी कावेंद्र सिंह सागर, उपभोक्ता आयोग के अध्यक्ष मनोज मील, एएसपी देवेंद्र राजावत और भाजपा नेता प्यारेलाल ढूकिया सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

समारोह का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस दौरान उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...