झुंझुनूं। शहर के इंदिरा नगर वार्ड संख्या-8 के निवासियों ने क्षेत्र के तीन प्रमुख पार्कों के जीर्णोद्धार और विकास की मांग को लेकर नगर परिषद प्रशासक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पार्कों की जर्जर दीवारों की मरम्मत, रंग-रोगन और अन्य आवश्यक विकास कार्य करवाने की मांग की गई।
तीन प्रमुख पार्कों के विकास की मांग
ज्ञापन में अशोक वाटिका पार्क, चंचलनाथ कमरूद्दीन शाह पार्क और चौधरी चरण सिंह पार्क की बदहाल स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया गया कि इन पार्कों की दीवारें क्षतिग्रस्त हैं और कई आवश्यक सुविधाओं का अभाव है।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि पार्कों का विकास होने से लोगों को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिलेगा। साथ ही बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
नगर परिषद ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
ज्ञापन मिलने के बाद नगर परिषद प्रशासक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद आयुक्त को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
वहीं आयुक्त ने आश्वासन दिया कि तीनों पार्कों के जीर्णोद्धार के लिए शीघ्र ही वर्क ऑर्डर जारी किया जाएगा।
कई गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने के दौरान श्रीचन्द झाझड़िया, कर्मवीर भाम्बू, रामदेव भास्कर, सिराजुद्दीन तगाला, मदन मण्डीवाल, राजेन्द्र पारीक, इशाक कुरैशी, साबिर भाटी, राहुल और विजय सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।






