जिला कारागृह झुंझुनूं में एक कैदी के लिए लाए गए कपड़ों की तलाशी के दौरान 9.06 ग्राम गांजा बरामद होने का मामला सामने आया है। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मादक पदार्थ जब्त किया और एनडीपीएस एक्ट तथा राजस्थान कारागृह अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लोवर की बेल्ट की सिलाई में छिपाया गया था गांजा
पुलिस के अनुसार, 28 जुलाई 2026 को जिला कारागृह में बंद कैदी विकास से मुलाकात करने आए व्यक्तियों द्वारा दिए गए कपड़ों की तलाशी ली गई। इस दौरान लोवर की बेल्ट की सिलाई के भीतर हल्के हरे रंग का संदिग्ध मादक पदार्थ छिपाकर रखा हुआ मिला।
सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराने पर बरामद पदार्थ का वजन 9.06 ग्राम पाया गया। जांच में इसे गांजा होना बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे जब्त कर लिया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने बरामदगी के संबंध में एनडीपीएस एक्ट एवं राजस्थान कारागृह अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मादक पदार्थ कारागृह तक पहुंचाने में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में कोतवाली थाना प्रभारी श्रवण कुमार मील के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने की।






