चिराना, विकास कुमावत राजस्थान के झुंझुनूं जिले के होनहार छात्र खुशाल शर्मा ने अमेरिका में अपनी शैक्षणिक उपलब्धि से प्रदेश का नाम रोशन किया है। चूड़ी अजीतगढ़ के मूल निवासी सुबोध शर्मा और चिराना की मूल निवासी बबीता शर्मा के पुत्र खुशाल ने पीसी हाई स्कूल, नॉर्थ कैरोलिना (अमेरिका) से वर्ष 2026 में मैग्ना कम लॉडे (Magna Cum Laude) सम्मान के साथ हाई स्कूल की शिक्षा पूरी की है।

इस उपलब्धि के साथ उनका चयन नॉर्थ कैरोलिना ट्रायंगल अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम (NCTAP) के तहत किया गया है, जो उनकी प्रतिभा और उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन का प्रमाण माना जा रहा है।


39 विद्यार्थियों में हुआ चयन

खुशाल शर्मा का चयन वेक टेक कम्युनिटी कॉलेज की साझेदारी में संचालित प्रतिष्ठित एनसीटीएपी कार्यक्रम के लिए हुआ है। इस कार्यक्रम में पूरे क्षेत्र से केवल 39 हाई स्कूल विद्यार्थियों का चयन किया गया है।

चयनित विद्यार्थियों को उद्योगों के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण, आधुनिक तकनीकी शिक्षा और करियर निर्माण के विशेष अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं।


मिलेगी सशुल्क अप्रेंटिसशिप और मुफ्त इंजीनियरिंग शिक्षा

इस कार्यक्रम के तहत खुशाल को एक अग्रणी जर्मन मैकेनिकल प्रिसीजन कंपोनेंट निर्माण कंपनी में सशुल्क अप्रेंटिसशिप का अवसर मिलेगा। साथ ही उन्हें वेक टेक कम्युनिटी कॉलेज में मैकेनिकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी तरह निःशुल्क कराई जाएगी।

हाई स्कूल के बाद खुशाल अमेरिकी श्रम विभाग के अंतर्गत रजिस्टर्ड अप्रेंटिस के रूप में अपनी पेशेवर यात्रा शुरू करेंगे, जहां उन्हें अत्याधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण और औद्योगिक अनुभव प्राप्त होगा।


परिवार में खुशी का माहौल

खुशाल की इस सफलता से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है। परिवार का मानना है कि उनके स्वर्गीय दादा बी.एल. शर्मा और स्वर्गीय नानी सरोज देवी से मिले संस्कार और परिवार का सहयोग उनकी सफलता की प्रेरणा रहे हैं।

परिजनों ने विश्वास जताया कि खुशाल अपनी मेहनत, अनुशासन और प्रतिभा के दम पर भविष्य में भी नई उपलब्धियां हासिल कर झुंझुनूं, राजस्थान और भारत का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...