झुंझुनूं, अखिल भारतीय किसान महासभा के राज्य सचिव कामरेड रामचंद्र कुलहरि ने बिजली समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग को लेकर अजमेर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, झुंझुनूं के अधीक्षण अभियंता विरेंद्र कुमार खींचड़ को ज्ञापन दिया।
ज्ञापन में किसानों और घरेलू बिजली उपभोक्ताओं से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का समाधान जल्द कराने की मांग की गई।
स्थायी रूप से कटे कृषि कनेक्शन जोड़ने की मांग
किसान महासभा ने मांग की कि रबी फसलों की बुआई के लिए पलाव की आवश्यकता को देखते हुए स्थायी रूप से कटे हुए कृषि विद्युत कनेक्शनों वाले आवेदकों के कनेक्शन तुरंत जोड़े जाएं।
इसके अलावा शिफ्टिंग के लिए आवेदन करने वाले किसानों के कृषि विद्युत कनेक्शन भी जल्द शिफ्ट करवाने की मांग की गई।
जले ट्रांसफार्मरों की किराया राशि किसानों को देने की मांग
ज्ञापन में जले हुए ट्रांसफार्मरों को लाने-ले जाने की किराया राशि से जुड़ी समस्या भी उठाई गई।
किसान महासभा ने मांग की कि राज्य सरकार की ओर से कृषि विद्युत कनेक्शनों के लिए जारी अनुदान राशि के कारण यदि किसानों के खाते शून्य हो जाते हैं, तो ट्रांसफार्मर की किराया राशि खातों में समायोजित करने के बजाय किसानों को सीधे उपलब्ध कराई जाए।
घरेलू बिजली बिलों में छूट का लाभ देने की मांग
ज्ञापन में घरेलू विद्युत उपभोक्ताओं के बिलों से जुड़ी समस्या का भी उल्लेख किया गया।
किसान महासभा के अनुसार, कई मामलों में लगातार तीन-चार महीने तक बिजली खर्च शून्य दर्शाया जाता है। इसके बाद अगले महीने एक साथ चार-पांच महीने का बिजली खर्च बिल में दर्शाए जाने से उपभोक्ताओं को राज्य सरकार की ओर से दी जाने वाली छूट राशि का पूरा लाभ नहीं मिल पाता।
महासभा ने मांग की कि एक साथ दर्शाए गए बिजली खर्च को संबंधित सभी महीनों का खर्च मानते हुए उपभोक्ताओं को छूट राशि का लाभ दिया जाए।
अधीक्षण अभियंता ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
ज्ञापन सौंपने के दौरान किसान महासभा ने बिजली से जुड़ी समस्याओं के अविलंब समाधान की मांग रखी।
अधीक्षण अभियंता विरेंद्र कुमार खींचड़ ने समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।






