झुंझुनूं में कार से देशी कट्टा बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
झुंझुनूं। कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को देशी कट्टे के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हथियार बरामद कर कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, 24 सितंबर 2026 को एफसीआई गोदामों के पास दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहां एक टेम्पो और कार नंबर HR19V3843 खड़ी मिली।
संदिग्ध युवकों से पूछताछ के बाद कार की तलाशी
पुलिस ने कार में सवार दो युवकों से पूछताछ की। संदेह होने पर पुलिस ने कार की तलाशी ली। तलाशी के दौरान वाहन में छुपाकर रखा हुआ एक देशी कट्टा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, हथियार के संबंध में दोनों युवकों के पास कोई वैध लाइसेंस या अनुज्ञापत्र नहीं मिला। इसके बाद देशी कट्टे को जब्त कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
अलग-अलग धाराओं में हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपी नवीन को धारा 3/25, 35 आर्म्स एक्ट तथा आरोपी अरूण को धारा 9/25 आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार को भी जब्त कर लिया है।
हरियाणा के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नवीन पुत्र मनवीर सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी सांजरवास, थाना बोंदकला, जिला चरखी दादरी, हरियाणा और अरूण पुत्र दशरथ सिंह, उम्र 19 वर्ष, निवासी सांजरवास, थाना बोंदकला, जिला चरखी दादरी, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस टीम की निगरानी में आगे की जांच
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी झुंझुनूं शहर गोपाल सिंह ढाका के सुपरविजन में की गई।
कार्रवाई कोतवाली थानाधिकारी श्रवण कुमार मील के नेतृत्व में की गई। पुलिस ने प्रकरण में आगे का अनुसंधान और आरोपियों से पूछताछ जारी रखी है।






