झुंझुनूं। सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों के पालन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन और परिवार की सुरक्षा से जुड़ा दायित्व भी है। इसी संदेश के साथ लायंस क्लब झुंझुनूं जीवन ने सेवा सप्ताह के तहत मंगलवार को रविंद्र पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा एवं यातायात जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अभियान की शुरुआत की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकगण ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि यातायात प्रभारी कस्तूर वर्मा रहे।
यातायात प्रभारी ने दिया भावनात्मक संदेश
यातायात प्रभारी कस्तूर वर्मा ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए कहा कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी जीवनभर का दर्द दे सकती है। वाहन चलाते समय जल्दबाजी के बजाय धैर्य और सावधानी को प्राथमिकता देना जरूरी है।
उन्होंने विद्यार्थियों से हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल, निर्धारित गति में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने की अपील की।
उन्होंने कहा, “जब भी वाहन लेकर घर से निकलें, एक बार जरूर सोचें कि घर पर कोई आपका इंतजार कर रहा है।”
उन्होंने बच्चों से अपने माता-पिता से यह सवाल करने की भी अपील की कि यदि वे सुरक्षित घर नहीं लौटे तो परिवार पर क्या बीतेगी। उन्होंने कहा कि यह भावना प्रत्येक वाहन चालक के मन में रहे तो वह स्वयं भी सावधानी बरतेगा और अपने परिवार की खुशियों की भी रक्षा करेगा।
बच्चों में जागरूकता से बनेगा सुरक्षित समाज : डॉ. मूंड
क्लब अध्यक्ष एमजेएफ लॉयन डॉ. मुकेश एस. मूंड ने कहा कि लायंस क्लब झुंझुनूं जीवन की ओर से शुरू किया गया यह अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सड़क सुरक्षा के प्रति सामाजिक जिम्मेदारी की दिशा में सतत प्रयास है।
उन्होंने बताया कि क्लब आगामी दिनों में जिले के विभिन्न विद्यालयों में पहुंचकर विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करेगा। इस दौरान जागरूकता कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं और परीक्षाएं भी आयोजित की जाएंगी।
डॉ. मूंड ने कहा कि बच्चे समाज में सकारात्मक बदलाव के प्रभावी माध्यम बन सकते हैं। यदि बच्चे यातायात नियमों को समझेंगे तो वे अपने माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों को भी नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा का उद्देश्य केवल चालान या नियमों की जानकारी देना नहीं है, बल्कि लोगों के व्यवहार में बदलाव लाना है। हर व्यक्ति को यह समझना चाहिए कि उसकी सुरक्षित वापसी उसके परिवार की खुशी से जुड़ी है।
लायन नरेंद्र सिंह और नीतू सिंह का विशेष सहयोग
कार्यक्रम के सफल आयोजन में लायन नरेंद्र सिंह झाझङिया एवं लायन नीतू सिंह झाझङिया का विशेष सहयोग एवं प्रायोजन रहा। क्लब की ओर से दोनों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया गया।
मेंबरशिप ग्रोथ चेयरपर्सन लायन रणवीर सिंह गोदारा ने रविंद्र पब्लिक स्कूल संस्थान, शिक्षकगण और विद्यार्थियों का कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए आभार जताया।
विद्यार्थियों ने ली सड़क सुरक्षा की शपथ
कार्यक्रम के अंत में क्लब अध्यक्ष डॉ. मुकेश एस. मूंड ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क पर स्वयं सुरक्षित रहने और अपने माता-पिता एवं परिवार के सदस्यों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई।
लायंस क्लब झुंझुनूं जीवन ने बताया कि आने वाले दिनों में अभियान को जिले के विभिन्न विद्यालयों तक पहुंचाया जाएगा। इसका उद्देश्य “सुरक्षित सड़क—सुरक्षित परिवार—सुरक्षित समाज” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
7 अक्टूबर को होगा “नशा मुक्त जीवन अभियान”
लायंस क्लब झुंझुनूं जीवन की ओर से सेवा सप्ताह के तहत 7 अक्टूबर को “नशा मुक्त जीवन अभियान” के अंतर्गत विशेष नशा मुक्ति एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम झुंझुनूं में सुबह 7:30 बजे आयोजित होगा। कार्यक्रम में डॉ. कपूर थालोर मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को नशे से होने वाले शारीरिक, मानसिक और सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी देंगे।
विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने के लिए जागरूक किया जाएगा। साथ ही नशे के स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवार और भविष्य पर पड़ने वाले प्रभावों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम के संयोजक एवं प्रायोजक लायन डॉ. गुलझारी लाल कालेर होंगे। क्लब की ओर से विद्यार्थियों से नशे से दूर रहने, साथियों को भी जागरूक करने और “नशे को ना, जिंदगी को हां” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया जाएगा।
