झुंझुनूं। जिले के मंडावा उपखंड की ग्राम पंचायत मौजास में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनबाड़ी चलो अभियान के तहत खिलौना बैंक का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन पूर्व भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्यारेलाल ढूकिया ने किया। इस पहल का उद्देश्य वंचित और आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों तक खेल आधारित शिक्षा पहुंचाकर उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना है।
खिलौना बैंक के माध्यम से छोटे बच्चों को सीखने और खेलने का बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा, जिससे उनके मानसिक, सामाजिक और बौद्धिक विकास को नई दिशा मिलेगी।
शिविर में ग्रामीणों को मिली कई सरकारी योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान आयोजित शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ मौके पर ही कई सेवाओं का लाभ भी उपलब्ध कराया गया। पात्र लाभार्थियों को राजस्थान रोडवेज के निःशुल्क यात्रा पास वितरित किए गए तथा विभिन्न विभागों से जुड़ी जनसमस्याओं का मौके पर समाधान किया गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अब गांव में ही सरकारी योजनाओं का लाभ आसानी से मिलने लगा है।
तीन परिवारों को मिले आवासीय पट्टे, भूमि विवाद का भी निस्तारण
शिविर के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत तीन पात्र परिवारों को आवास निर्माण के लिए आवासीय पट्टे वितरित किए गए। इसके अलावा रास्ते से जुड़े एक पुराने भूमि विवाद का मौके पर ही समाधान कर ग्रामीणों को वर्षों पुरानी समस्या से राहत दिलाई गई।
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगा।
विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
शिविर में तहसीलदार डॉ. सुरेंद्र भास्कर, विकास अधिकारी अमित चौधरी, सरपंच मुकेश झाझरिया, ग्राम विकास अधिकारी गुंजनवाला शर्मा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अधिकारी सुनीता धायल, जलदाय विभाग, विद्युत विभाग, आंगनबाड़ी सुपरवाइजर, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने शिविर के सफल संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।






