झुंझुनूं, आगामी नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए रविवार को मतदान दलों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
जिला मुख्यालय स्थित आरआर मोरारका राजकीय महाविद्यालय और शहीद कर्नल जेपी जानू राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रशिक्षण चला।
प्रशिक्षण में जिले के 804 मतदान दलों के 1608 कार्मिकों ने हिस्सा लिया।
1608 कार्मिकों को दी गई चुनावी ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के दौरान 804 पीठासीन अधिकारियों और 804 प्रथम मतदान अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्मिकों को ईवीएम की कार्यप्रणाली, मतदान से पहले की तैयारियों, मतदान प्रक्रिया और मतदान समाप्ति तक की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
निष्पक्ष चुनाव कराना प्राथमिकता
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने प्रशिक्षण के दौरान कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में मतदान दलों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है।
उन्होंने सभी कार्मिकों से राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों और गाइडलाइन का अक्षरशः पालन करने को कहा।
जिला कलक्टर ने कहा कि मतदान कार्मिक निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान तटस्थ, निष्पक्ष और निर्भीक रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करें, ताकि चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
उन्होंने मतदान दलों को निर्वाचन से संबंधित नियमों और प्रक्रियाओं की पूरी जानकारी हासिल करने के निर्देश दिए।
ईवीएम संचालन का कराया अभ्यास
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी रामनिवास ने बताया कि प्रशिक्षण में मतदान कार्मिकों को ईवीएम के संचालन के साथ मतदान की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।
कार्मिकों को मतदान केंद्र पर पहुंचने से लेकर मतदान समाप्त होने तक किए जाने वाले कार्यों, निर्धारित प्रपत्रों, आवश्यक सावधानियों और निर्वाचन संबंधी निर्देशों की जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों की शंकाओं का समाधान भी किया गया।
अधिकारी और मास्टर ट्रेनर्स रहे मौजूद
प्रशिक्षण कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम अजय कुमार आर्य, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के उपनिदेशक अरविंद ओला, महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक बृजेंद्र राठौर, जिला रसद अधिकारी संदीप गौड़ सहित जिला और ब्लॉक स्तर के मास्टर ट्रेनर्स मौजूद रहे।






