झुंझुनूं, नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित तरीके से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को मतदान दलों की ब्रीफिंग आयोजित की गई।
ब्रीफिंग का आयोजन सेठ मोतीलाल कॉलेज, झुंझुनूं और पोद्दार कॉलेज, नवलगढ़ में किया गया। इस दौरान मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
कलेक्टर और एसपी ने दिए निर्देश
ब्रीफिंग में जिला कलक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरुण गर्ग तथा पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने मतदान दलों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों और निर्धारित प्रक्रिया की पूरी पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने कहा कि मतदान केंद्रों पर पहुंचकर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया जाए और मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराया जाए।
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर विशेष जोर
मतदान केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को लेकर भी मतदान दलों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने मतदान दलों से कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की समस्या या संदिग्ध गतिविधि सामने आने पर इसकी तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों और पुलिस को दी जाए।
भयमुक्त माहौल में मतदान कराने की तैयारी
जिला प्रशासन और पुलिस ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में मतदान सम्पन्न कराने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रथम चरण में जिले के 9 नगरीय निकायों में 9 सितंबर को मतदान होना है। मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।






