झुंझुनूं। नगर परिषद में सभापति पद के चुनाव के बाद अब उपाध्यक्ष पद के निर्वाचन को लेकर गतिविधियां तेज हो गई हैं। उपाध्यक्ष पद के लिए कुल तीन नामांकन दाखिल किए गए हैं।
कांग्रेस की ओर से वीरेंद्र डारा ने नामांकन दाखिल किया है। वहीं भाजपा की ओर से बुधराम सैनी नामांकन पत्र दाखिल किया है। रौनक सैनी ने भी उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किया है।
भाजपा से नामांकन
उपाध्यक्ष पद के लिए भाजपा की ओर से नामांकन दाखिल होने के बाद चुनाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। रौनक सैनी के नामांकन को लेकर सूत्रों का कहना है कि यह भाजपा की रणनीति के तहत कराया गया है। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
अब नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद उपाध्यक्ष पद के चुनाव की अंतिम तस्वीर स्पष्ट होगी।
सभापति चुनाव के बाद उपाध्यक्ष पद पर नजर
झुंझुनूं नगर परिषद में 60 वार्ड हैं। हालिया चुनाव में कांग्रेस ने 30, भाजपा ने 15 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 15 वार्डों में जीत दर्ज की थी।
सभापति पद के चुनाव में कांग्रेस के अब्दुल्ला अगवान को 35 वोट और भाजपा के मनु धनखड़ को 25 वोट मिले थे। इसके बाद अब उपाध्यक्ष पद के चुनाव पर भी राजनीतिक नजरें टिकी हैं।






