साथिया-2: जीवनसर धाम में सैनिक सम्मान समारोह 10 सितंबर
झुंझुनूं, जिले के जीवनसर धाम, जीवनसर (जाखोद), सूरजगढ़ में साथिया-2 मुहिम के तहत भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं वीर माताओं के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम 10 सितंबर को सुबह 8 बजे से शुरू होगा।
सिग्नल अभिलेख कार्यालय के कर्नल सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य भूतपूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सैनिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान करना है।
पेंशन और SPARSH से जुड़ी समस्याओं का होगा समाधान
कार्यक्रम के दौरान भूतपूर्व सैनिकों एवं उनके परिजनों की पेंशन संबंधी समस्याओं, SPARSH, डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र, पार्ट-2 ऑर्डर और ECHS सहित अन्य सैनिक कल्याण सेवाओं से जुड़े मामलों का निस्तारण किया जाएगा।
इसके लिए संबंधित विभागों और रेजीमेंट रिकॉर्ड कार्यालयों की टीमें मौके पर मौजूद रहेंगी।
इन रेजीमेंट रिकॉर्ड्स की टीमें रहेंगी मौजूद
कार्यक्रम में सैनिकों की सहायता के लिए सिग्नल्स रिकॉर्ड्स, आर्म्ड रिकॉर्ड्स, जाट रेजीमेंट रिकॉर्ड्स, राजपूत रेजीमेंट रिकॉर्ड्स, ग्रेनेडियर्स रिकॉर्ड्स और राजपूताना राइफल्स रेजीमेंट रिकॉर्ड्स की टीमें मौजूद रहेंगी।
इसके अलावा सेना के प्रतिनिधियों और सैनिक कल्याण अधिकारियों से संपर्क की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
किसानों को आधुनिक कृषि की जानकारी भी मिलेगी
साथिया-2 कार्यक्रम के दौरान केवल सैनिक कल्याण सेवाएं ही नहीं, बल्कि आधुनिक कृषि तकनीक से जुड़ी जानकारी भी दी जाएगी। सहायक कृषि अधिकारी (वि.), चिड़ावा की टीम द्वारा किसानों को आधुनिक कृषि की तकनीकी जानकारी और कृषि से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी।
अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील
आयोजकों ने भूतपूर्व सैनिकों, वीर नारियों, वीर माताओं और उनके परिजनों से 10 सितंबर को सुबह 8 बजे जीवनसर धाम पहुंचने की अपील की है, ताकि वे मौके पर उपलब्ध विभिन्न सैनिक कल्याण सेवाओं का लाभ उठा सकें और लंबित प्रकरणों का समाधान करवा सकें।






