झुंझुनूं में शिक्षक संघ अंबेडकर सम्मेलन का आज दूसरा दिन, मांग-पत्र होगा पारित
झुंझुनूं। राजस्थान शिक्षक संघ (अंबेडकर) जिला शाखा झुंझुनूं का दो दिवसीय जिला स्तरीय शैक्षिक सम्मेलन आज 19 सितंबर 2026 को दूसरे दिन जारी रहेगा। सम्मेलन का आयोजन चूरू रोड स्थित अंबेडकर भवन, झुंझुनूं में किया जा रहा है।
सम्मेलन के पहले दिन जिलेभर से पहुंचे सैकड़ों शिक्षक प्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और सक्रिय सदस्यों ने संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की शुरुआत की।
शिक्षा और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों पर जोर
पहले दिन मुख्य अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्र निर्माण और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े बच्चों तक शिक्षा पहुंचाने में शिक्षकों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
वक्ताओं ने वर्तमान परिस्थितियों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा वंचित वर्ग के छात्र-छात्राओं के शैक्षणिक उत्थान पर विशेष जोर दिया। साथ ही संगठन की ओर से आयोजित इस लोकतांत्रिक एवं शैक्षिक मंच के प्रयासों की सराहना की।
ये अतिथि रहे मौजूद
सम्मेलन में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी अशोक शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) संतोष साहू, प्रोफेसर मोतीलाल आलडिया, पिलानी CBEO राधेश्याम जीनागल, बुहाना CBEO वेद प्रकाश रांगेय, मंडावा CBEO लोकेश मीणा सहित पूर्व CBEO आत्माराम, सिंगराज सिंघल, प्रदेश प्रभारी शीशराम माहिच, सभा अध्यक्ष ग्यारसीलाल जिनौलिया और पूर्व जीएम मनीराम देवरोड़ मंचासीन रहे।
कार्यक्रम का संचालन पुरुषोत्तम भागोतिया ने किया। सम्मेलन के दौरान इस वर्ष सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों और अधिकारियों को सम्मानित भी किया गया।
आज मांग-पत्र पर लगेगी अंतिम मुहर
संघ के जिलाध्यक्ष इन्द्राज सिंह भुरिया और जिला मंत्री पवन कुमार वर्मा ने बताया कि सम्मेलन के दूसरे दिन यानी 19 सितंबर को विभिन्न मांगों पर चर्चा के बाद उन्हें अंतिम रूप दिया जाएगा।
इसके बाद राज्य सरकार, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और शिक्षा निदेशक को भेजे जाने वाले विस्तृत मांग-पत्र को पारित किया जाएगा।
जिला कार्यकारिणी ने सम्मेलन के पहले दिन शामिल हुए सभी अतिथियों और शिक्षक साथियों का आभार जताया।






