झुंझुनूं में 1 से 7 अक्टूबर तक समाज कल्याण सप्ताह, हर दिन होंगे विशेष कार्यक्रम
झुंझुनूं जिले में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से 1 से 7 अक्टूबर तक समाज कल्याण सप्ताह का आयोजन किया जाएगा।
विभाग के उपनिदेशक अरविंद ओला ने बताया कि सप्ताह का मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक, विशेष योग्यजन, महिलाओं और बच्चों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।
इसके साथ ही विभिन्न सामाजिक बुराइयों एवं कुरीतियों के खिलाफ जनचेतना पैदा करने के लिए भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
1 अक्टूबर: वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण और सम्मान
समाज कल्याण सप्ताह की शुरुआत 1 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर होगी।
इस दौरान पेंशनर समाज भवन, झुंझुनूं में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा।
इसके अलावा जिले की प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर पात्र वृद्धजनों की नई पेंशन स्वीकृतियां जारी की जाएंगी।
2 अक्टूबर: गांधी जयंती पर स्वच्छता अभियान
2 अक्टूबर को गांधी जयंती के अवसर पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा और विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा।
इसी दिन अनुसूचित जाति कल्याण दिवस के तहत अनुसूचित जाति बस्तियों में बिजली और पेयजल से जुड़ी तकनीकी समस्याओं के निस्तारण का काम किया जाएगा।
3 अक्टूबर: बंदियों की समस्याओं पर होगी चर्चा
3 अक्टूबर को अपराधी सुधार दिवस के अवसर पर जिला कारागृह परिसर में कार्यक्रम होगा।
इस दौरान बंदियों की समस्याओं और परिवीक्षा अधिनियम से जुड़े विषयों पर विचार गोष्ठी आयोजित की जाएगी।
4 अक्टूबर: बच्चों के स्वास्थ्य और खेलकूद पर जोर
4 अक्टूबर को बाल दिवस के अवसर पर विद्यालयों, आंगनबाड़ी केंद्रों और राजकीय डॉ. अंबेडकर छात्रावासों में विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण, खेलकूद प्रतियोगिताएं और पुरस्कार वितरण किए जाएंगे।
इसके अलावा छात्रावासों और निराश्रित बालगृहों का निरीक्षण किया जाएगा। इन स्थानों पर विशेष स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
5 अक्टूबर: महिला और बालिका कल्याण दिवस
5 अक्टूबर को महिला एवं बालिका कल्याण दिवस मनाया जाएगा।
इस अवसर पर महिलाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर विचार गोष्ठियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम होंगे।
6 अक्टूबर: सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जनजागरूकता
6 अक्टूबर को जन चेतना दिवस के तहत सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
इस दौरान दहेज प्रथा, बाल विवाह और मृत्यु भोज जैसी कुरीतियों को लेकर विचार गोष्ठियां, रैलियां और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।
इसके साथ ही नशामुक्ति को लेकर भी गोष्ठी और रैली का आयोजन किया जाएगा।
7 अक्टूबर: विशेष योग्यजनों को मिलेंगे उपकरण
समाज कल्याण सप्ताह का 7 अक्टूबर को विशेष योग्यजन कल्याण दिवस के अवसर पर समापन होगा।
समापन कार्यक्रम में विशेष योग्यजनों को कृत्रिम अंग एवं आवश्यक उपकरण उपलब्ध करवाकर सहायता प्रदान की जाएगी।
इस तरह सात दिवसीय समाज कल्याण सप्ताह के दौरान जिले में विभिन्न वर्गों के कल्याण के साथ सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूकता और जनभागीदारी पर विशेष जोर रहेगा।






