झुंझुनूं में अध्यक्ष-सभापति चुनाव की मीडिया कवरेज के लिए दिशा-निर्देश, पास के बिना प्रवेश नहीं
झुंझुनूं में नगर पालिका एवं नगर परिषद के अध्यक्ष और सभापति पद के लिए मतदान एवं मतगणना की कवरेज को लेकर मीडिया कर्मियों के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
मीडियाकर्मियों को मतदान एवं मतगणना स्थल पर जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी किया गया पास साथ लेकर पहुंचना होगा। निर्धारित पास के बिना किसी भी मीडियाकर्मी को परिसर में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
मतदान और मतगणना कक्ष में प्रवेश नहीं
दिशा-निर्देशों के अनुसार मीडियाकर्मियों को संबंधित नगर निकाय परिसर में प्रवेश की अनुमति रहेगी, लेकिन मतदान एवं मतगणना के लिए निर्धारित भवन या कक्ष में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
मीडियाकर्मी मतदान कक्ष के बाहर से फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी कर सकेंगे। हालांकि, परिस्थितियों के अनुसार अंतिम निर्णय संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा लिया जाएगा।
परिणाम मीडिया को जल्द उपलब्ध कराया जाएगा
मतगणना पूरी होने के बाद संबंधित रिटर्निंग अधिकारी द्वारा चुनाव परिणाम यथाशीघ्र मीडिया कर्मियों को उपलब्ध करवाया जाएगा, ताकि परिणाम की जानकारी समय पर प्रकाशित और प्रसारित की जा सके।






