झुंझुनूं में आज सरपंच-वार्ड पंच आरक्षण की लॉटरी, 389 पंचायतें
झुंझुनूं, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर जिले में आज सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के आरक्षण की कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर अजय कुमार आर्य ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि 24 सितंबर 2026 को संबंधित उपखंड मुख्यालयों पर पंचायत राज संस्थाओं में सरपंच एवं वार्ड पंच पदों के आरक्षण की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
389 ग्राम पंचायतों में तय होगा आरक्षण
झुंझुनूं जिले में 389 ग्राम पंचायतों के सरपंच पदों के साथ वार्ड पंच पदों के आरक्षण की तस्वीर भी आज स्पष्ट होगी। आरक्षण की प्रक्रिया संबंधित उपखंड स्तर पर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार की जाएगी।
इस प्रक्रिया के बाद ग्राम पंचायत स्तर पर यह स्पष्ट हो जाएगा कि कौन-सा सरपंच पद और वार्ड पंच पद किस आरक्षित श्रेणी में आएगा।
23 सितंबर को जिला स्तर की प्रक्रिया हुई पूरी
इससे एक दिन पहले 23 सितंबर को जिला मुख्यालय पर जिला परिषद के 41 वार्डों, 14 पंचायत समितियों के प्रधान पदों और 248 पंचायत समिति सदस्य निर्वाचन क्षेत्रों के आरक्षण की लॉटरी पूरी की गई थी।
अब 24 सितंबर की प्रक्रिया के साथ झुंझुनूं जिले में पंचायतीराज संस्थाओं के विभिन्न पदों के आरक्षण की प्रक्रिया का अगला चरण पूरा होगा।






