अग्निवीर भर्ती रैली के एडमिट कार्ड जारी, 11 अक्टूबर से सीकर में क्लर्क भर्ती
झुंझुनूं, सेना भर्ती कार्यालय झुंझुनूं की ओर से आयोजित आर्मी कॉमन एंट्रेंस एग्जामिनेशन (CEE) में सफल अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर भर्ती रैली के एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं।
एआरओ झुंझुनूं के अंतर्गत झुंझुनूं, चूरू, श्रीगंगानगर, बीकानेर और हनुमानगढ़ जिलों के पात्र अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है।
दो चरणों में होगी शारीरिक भर्ती रैली
अग्निवीर क्लर्क (Dual Category with Clerk सहित) के अभ्यर्थियों की शारीरिक भर्ती रैली 11 से 13 अक्टूबर 2026 तक सीकर में आयोजित होगी।
वहीं अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर 10वीं पास और अग्निवीर 8वीं पास श्रेणी के अभ्यर्थियों की रैली 30 जनवरी से 22 फरवरी 2027 तक बीकानेर में होगी।
एडमिट कार्ड में मिलेगा रिपोर्टिंग समय और स्थान
सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड में दिए गए रिपोर्टिंग समय, तिथि और भर्ती स्थल की जानकारी ध्यानपूर्वक जांचनी होगी।
पात्र अभ्यर्थी Join Indian Army की आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर लॉगिन कर अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का प्रिंट निकालकर निर्धारित तिथि पर भर्ती स्थल पर पहुंचना होगा।
मूल दस्तावेज साथ लाना जरूरी
भर्ती प्रक्रिया के दौरान अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड के साथ सभी आवश्यक मूल दस्तावेज एवं प्रमाण-पत्र भी साथ लाने होंगे।
सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के लिए अंतिम समय का इंतजार न करें, ताकि तकनीकी समस्या या वेबसाइट पर अधिक लोड के कारण परेशानी से बचा जा सके।
भर्ती संबंधी जानकारी के लिए संपर्क
भर्ती से संबंधित अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय, झुंझुनूं के दूरभाष नंबर 01592-250192 एवं 01592-295614 पर संपर्क कर सकते हैं।
इसके अलावा arojhunjhunu@gmail.com ई-मेल पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।






