झुंझुनूं में निकाय चुनाव की वोटिंग जारी, विधायक भांबू ने डाला वोट
झुंझुनूं। नगर निकाय चुनाव के प्रथम चरण में जिले के 9 नगरीय निकायों में मतदान जारी है। सुबह 7 बजे शुरू हुई वोटिंग शाम 6 बजे तक चलेगी। मतदान को लेकर प्रशासन की ओर से सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं।
इसी बीच झुंझुनूं विधायक राजेंद्र भांबू ने बुधवार सुबह वार्ड संख्या 47 के मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
वोट डालने के बाद भाजपा बोर्ड का दावा
मतदान के बाद विधायक राजेंद्र भांबू ने कहा कि शहर की जनता इस बार बदलाव चाहती है और नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनेगा।
उन्होंने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने की अपील की। विधायक ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने मताधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए।
भांबू ने विश्वास जताया कि भाजपा को जनता का व्यापक समर्थन मिलेगा और पार्टी स्पष्ट बहुमत के साथ नगर परिषद में बोर्ड बनाएगी।
9 निकायों में 2.57 लाख मतदाता
प्रथम चरण में झुंझुनूं नगर परिषद के अलावा बगड़, सुल्ताना, नवलगढ़, जाखल, मुकुंदगढ़, डूंडलोद, खेतड़ी और उदयपुरवाटी नगर पालिकाओं में भी मतदान हो रहा है।
इन 9 नगरीय निकायों में करीब 2.57 लाख मतदाता हैं, जो चुनाव मैदान में उतरे 1,194 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करेंगे।
मतदान के लिए जिले में 600 मतदान स्थल बनाए गए हैं।
झुंझुनूं नगर परिषद में 262 प्रत्याशी
झुंझुनूं नगर परिषद में सबसे ज्यादा 262 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वार्ड संख्या 3 में सबसे ज्यादा 11 उम्मीदवार हैं।
वहीं 7 अलग-अलग वार्ड ऐसे हैं, जहां 2-2 प्रत्याशी आमने-सामने हैं।
2200 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराने के लिए प्रथम चरण में 2,200 से ज्यादा पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर संवेदनशील क्षेत्रों और मतदान केंद्रों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
मतदान के चलते जिले में सरकारी अवकाश भी घोषित किया गया है, ताकि मतदाता सुविधाजनक तरीके से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।
11 सितंबर को बाकी निकायों में मतदान
जिले के शेष 10 नगरीय निकायों में 11 सितंबर को मतदान होगा। सभी नगरीय निकायों के चुनाव की मतगणना 14 सितंबर को की जाएगी।
फिलहाल प्रथम चरण के 9 निकायों में मतदान प्रक्रिया जारी है और मतदाता अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वोट डाल रहे हैं।






