झुंझुनूं में स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को, जानें पूरा कार्यक्रम
झुंझुनूं। जिले में स्वाधीनता दिवस का जिला स्तरीय समारोह शनिवार को सुबह 9 बजे स्वर्ण जयंती स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने समारोह की तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि इससे पहले सुबह 8:45 बजे शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।
मुख्य समारोह में ध्वजारोहण, परेड, गार्ड ऑफ ऑनर, सांस्कृतिक कार्यक्रम और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित किया जाएगा।
शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि से होगी शुरुआत
स्वतंत्रता दिवस के दिन सुबह 8:45 बजे शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद जिला स्तरीय मुख्य समारोह स्वर्ण जयंती स्टेडियम में होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद पुलिस बैंड द्वारा राष्ट्रीय धुन और गार्ड ऑफ ऑनर की प्रस्तुति दी जाएगी।
परेड, मार्च पास्ट और सम्मान समारोह
मुख्य अतिथि द्वारा परेड का निरीक्षण किया जाएगा। इसके बाद मार्च पास्ट एवं सलामी, सामूहिक व्यायाम और महामहिम राज्यपाल के संदेश का वाचन होगा।
समारोह के दौरान शहीद सैनिकों के आश्रितों का सम्मान किया जाएगा। इसके साथ ही प्रशस्ति पत्र और पारितोषिक भी वितरित किए जाएंगे।
कार्यक्रम के अंतिम चरण में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी, जिसके बाद राष्ट्रगान और समारोह का समापन किया जाएगा।
14 अगस्त की शाम भी होंगे कार्यक्रम
स्वतंत्रता दिवस समारोह से एक दिन पहले 14 अगस्त, शुक्रवार को भी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
शाम 7:30 बजे शहीद स्मारक पर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके बाद शाम 7:45 बजे शहीद परमवीर पीरू सिंह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होगा।






