खरीफ-2026 फसल बीमा के लिए जरूरी सूचना, किसानों को 14 अगस्त तक देनी होगी एग्री स्टैक आईडी
झुंझुनूं, 10 अगस्त। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ-2026 की फसलों का बीमा करवाने वाले किसानों के लिए एग्री स्टैक आईडी/किसान पंजीकरण संख्या उपलब्ध करवाना अनिवार्य किया गया है। अग्रणी जिला प्रबंधक ने किसानों से 14 अगस्त 2026 तक अपनी संबंधित बैंक शाखा में यह जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित समय तक एग्री स्टैक आईडी/किसान पंजीकरण संख्या उपलब्ध नहीं करवाने पर बैंक द्वारा संबंधित किसान की फसल का बीमा नहीं किया जा सकेगा।
ई-मित्र और सीएससी से बनवा सकेंगे आईडी
जिन किसानों ने अभी तक अपनी एग्री स्टैक आईडी/किसान पंजीकरण संख्या नहीं बनवाई है, वे ई-मित्र या सीएससी के माध्यम से इसे बनवा सकते हैं। इसके लिए किसानों को अपनी जमाबंदी की जानकारी, आधार कार्ड संख्या और आधार से लिंक मोबाइल नंबर उपलब्ध करवाना होगा।
फसल की सही जानकारी देना जरूरी
अग्रणी जिला प्रबंधक ने किसानों से फसल बीमा करवाते समय बोई गई फसल की सही जानकारी उपलब्ध करवाने की अपील की है। उन्होंने बताया कि किसान द्वारा बोई गई फसल की गलत जानकारी देने पर बीमा कंपनी फसल बीमा पॉलिसी को रिजेक्ट कर सकती है।
ऐसी स्थिति में होने वाली जिम्मेदारी किसान की होगी। इसलिए किसानों को फसल बीमा करवाते समय अपनी वास्तविक बोई गई फसल की जानकारी ही दर्ज करवाने की सलाह दी गई है।






