झुंझुनूं में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम स्थगित
झुंझुनूं। समेकित बाल विकास विभाग की ओर से 12 अगस्त को प्रस्तावित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। यह कार्यक्रम जयपुर के बिड़ला सभागार में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के सानिध्य में आयोजित होना प्रस्तावित था, जिसका झुंझुनूं सहित जिले के सभी ब्लॉक और पंचायत स्तर पर सीधा प्रसारण किया जाना था।
जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने बताया था कि राज्य स्तरीय कार्यक्रम दोपहर 3 बजे आयोजित होना प्रस्तावित था। इसके लिए जिला स्तर पर सूचना केंद्र सभागार में कार्यक्रम के सीधे प्रसारण की व्यवस्था की गई थी।
जिला और ब्लॉक स्तर पर होना था सीधा प्रसारण
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ झुंझुनूं में जिला स्तरीय कार्यक्रम भी आयोजित किया जाना था। सूचना केंद्र सभागार में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और संबंधित कार्मिकों के लिए सीधा प्रसारण देखने की व्यवस्था की गई थी।
इसके अलावा जिले के सभी ब्लॉक और पंचायत स्तर पर भी कार्यक्रम का सीधा प्रसारण प्रस्तावित था, ताकि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपने-अपने स्तर पर राज्य स्तरीय संवाद से जुड़ सकें।
अपरिहार्य कारणों से किया गया स्थगित
विभाग की ओर से बताया गया है कि अपरिहार्य कारणों के चलते कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। कार्यक्रम की नई तारीख या आयोजन को लेकर आगे की सूचना संबंधित विभाग की ओर से जारी की जाएगी।






