सिंघाना में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, देशी पिस्टल के साथ आरोपी गिरफ्तार
झुंझुनूं जिले में 16 अगस्त 2026 को सिंघाना थाना पुलिस और डीएसटी ने विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए सातडिया-सिंघाना मार्ग पर एक कार को रोककर तलाशी ली, जिसमें चालक के पास से अवैध देशी पिस्टल बरामद हुई। पुलिस ने हथियार रखने का लाइसेंस नहीं होने पर 45 वर्षीय अजीत कुमार निवासी बडबर को गिरफ्तार कर लिया।
सूचना के बाद पुलिस ने कार को रोका
पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान एएसआई सहीराम टीम के साथ कार्रवाई के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान डीएसटी झुंझुनूं की टीम से एएसआई शशिकांत शर्मा ने सूचना दी कि सातडिया की ओर से सिंघाना आ रही KIA Sonet कार में चालक के पास हथियार हो सकता है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम सातडिया जाने वाले आम रास्ते पर पहुंची। कुछ देर बाद सफेद रंग की KIA Sonet कार नंबर RJ18CG2962 आती दिखाई दी, जिसे रोककर पुलिस ने चेक किया।
कार चालक के पास मिली देशी पिस्टल
तलाशी के दौरान चालक के पास से एक देशी पिस्टल बरामद हुई। पूछताछ में चालक ने अपना नाम अजीत कुमार पुत्र रामकुमार, उम्र 45 वर्ष, निवासी बडबर, थाना बुहाना, जिला झुंझुनूं बताया।
पुलिस ने हथियार रखने के लिए लाइसेंस या अन्य वैध अनुमति पत्र के बारे में पूछा। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने किसी तरह का लाइसेंस या अनुज्ञा पत्र नहीं होने की बात कही, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर पिस्टल जब्त कर ली गई और संबंधित प्रकरण दर्ज किया गया।
आरोपी के खिलाफ पहले से 9 मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अजीत कुमार के खिलाफ पूर्व में हत्या, लूट, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े कुल 9 प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस अब उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और बरामद हथियार के संबंध में भी जांच कर रही है।
आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि उससे हथियार के स्रोत और अन्य संभावित कड़ियों को लेकर गहनता से पूछताछ एवं अनुसंधान जारी है।






