मलसीसर में निकाय चुनाव से पहले पुलिस का फ्लैग मार्च
आगामी नगरीय निकाय चुनाव को देखते हुए मलसीसर कस्बे में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस ने आमजन को भयमुक्त और शांतिपूर्ण माहौल में चुनाव संपन्न कराने का भरोसा दिलाते हुए असामाजिक गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी।
चुनाव से पहले मलसीसर में पुलिस का फ्लैग मार्च
आगामी नगर निकाय चुनाव-2026 के मद्देनजर झुंझुनूं जिले में पुलिस ने कानून एवं शांति व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मलसीसर कस्बे में पुलिस जाप्ते ने फ्लैग मार्च निकाला।
फ्लैग मार्च का उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना रहा।
पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में निकला मार्च
यह फ्लैग मार्च पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर आईपीएस के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय देवेन्द्र सिंह राजावत आरपीएस के मार्गदर्शन में निकाला गया।
वृत्ताधिकारी झुंझुनूं ग्रामीण नरेश कुमार आरपीएस के नेतृत्व में तथा मलसीसर थानाधिकारी डॉ. महेन्द्र कुमार पुनि की मौजूदगी में पुलिस जवानों ने कस्बे के विभिन्न हिस्सों में मार्च किया।
शांतिपूर्ण और भयमुक्त चुनाव का दिया संदेश
फ्लैग मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों ने आमजन को आगामी निकाय चुनाव शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का संदेश दिया।
पुलिस ने लोगों से कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा चुनाव के दौरान पुलिस-प्रशासन को अपेक्षित सहयोग प्रदान करने की अपील की।
असामाजिक गतिविधियों पर होगी सख्त कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था भंग करने या किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में शामिल होने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस के अनुसार शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए जिला पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है और चुनाव प्रक्रिया के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।






