अवैध चेजा पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, चालक गिरफ्तार
जिले में अवैध खनन और खनिज परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गुढ़ागौड़जी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चेजा पत्थर से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में थाना प्रभारी इन्द्रप्रकाश के नेतृत्व में गठित टीम ने की।
नाकाबंदी के दौरान पकड़ी गई ट्रैक्टर-ट्रॉली
पुलिस के अनुसार, अवैध खनन परिवहन की रोकथाम के लिए गुढ़ा बाईपास स्थित वाटर पार्क के पास नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान उदयपुरवाटी की ओर से आ रही ट्रैक्टर संख्या RJ 18 RB 8877 को रोककर जांच की गई।
तलाशी में ट्रॉली में सफेद चेजा पत्थर भरे मिले।
चालक नहीं दिखा सका वैध दस्तावेज
पूछताछ में चालक ने अपनी पहचान मनीष पुत्र सीताराम (30 वर्ष) निवासी लाखभर की ढाणी, तन भौडकी, थाना गुढ़ागौड़जी के रूप में बताई।
पुलिस के अनुसार, चालक से चेजा पत्थर के परिवहन के लिए रवन्ना और वैध लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, जांच जारी
दस्तावेज नहीं मिलने पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर चेजा पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली।
आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि पत्थर का खनन और परिवहन कहां से किया जा रहा था।






