22 अगस्त को झुंझुनूं में सजेगा बाबा गंगाराम जयंती मेला, देश-विदेश से पहुंचेंगे श्रद्धालु

झुंझुनूं स्थित श्री पंचदेव मंदिर में 22 अगस्त, शनिवार को श्री बाबा गंगाराम जयंती मेला एवं झूलनोत्सव श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। महोत्सव के दौरान मंदिर परिसर में दिनभर विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, जिनमें देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, जयंती महोत्सव को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं और श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

भजन संध्या, झूलनोत्सव और छप्पन भोग होंगे आकर्षण

महोत्सव के अवसर पर मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत सज्जा से सजाया जाएगा। कार्यक्रमों में विशाल भजन संध्या, झूलनोत्सव, जन्मोत्सव, दर्शन-पूजन, छप्पन भोग और बधाई उत्सव का आयोजन किया जाएगा।

मेले का विशेष आकर्षण बरेली की प्रसिद्ध स्वचालित झांकियां रहेंगी, जिनमें भगवान जगन्नाथ मंदिर और महाकाल की झांकी प्रमुख होगी। वहीं मंदिर की भव्य सजावट के लिए बंगाल से विशेष कारीगर आमंत्रित किए गए हैं।

प्रातः महामंगला आरती से होगा शुभारंभ

महोत्सव का शुभारंभ प्रातः 5:30 बजे महामंगला आरती से होगा। इसके बाद सुबह 8 बजे श्रद्धेय अनिल कुमार मोदी के सानिध्य में सामूहिक संगीतमय बाबा गंगाराम अमृतवाणी पाठ आयोजित किया जाएगा, जिसमें महिला एवं पुरुष श्रद्धालु बड़ी संख्या में भाग लेंगे। पाठ के बाद प्रसाद वितरण किया जाएगा।

दोपहर 4 बजे से विशाल भजन अमृत-वर्षा का आयोजन होगा। इसमें कोलकाता के निहाल ठकरान एवं नवीन जोशी तथा लखनऊ के कुमार शानू भक्तिमय भजनों की प्रस्तुति देंगे।

देश-विदेश से आएंगे श्रद्धालु

मंदिर ट्रस्ट के अनुसार, श्रावण शुक्ला दशमी पर मनाए जाने वाले इस महोत्सव में कोलकाता, मुंबई, हैदराबाद, कानपुर, इंदौर, सूरत, नागपुर, बेंगलुरु, असम, ओडिशा, नेपाल और दुबई सहित विभिन्न स्थानों से प्रवासी श्रद्धालु झुंझुनूं पहुंचेंगे।

श्रद्धालुओं के आवास, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए मंदिर ट्रस्ट की ओर से व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

तैयारियों को लेकर हुई बैठक

महोत्सव की तैयारियों के संबंध में ट्रस्टी अनिल कुमार मोदी के सानिध्य में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई तथा विभिन्न कार्यों के लिए सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में सुरेश मोदी, सुनील मोदी, प्रदीप पाटोदिया, संजीव मोदी, महेंद्र टीबड़ा, विमल टमकोरिया, अशोक सुल्तानिया, रवि राणासरिया, रमेश गोयल, सुरेंद्र मोदी, श्रीराम केडिया, रमाकांत मोदी और पंकज अग्रवाल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Live Updates
Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...

Neeraj is a dedicated News Author covering the Jhunjhunu, Sikar and Churu. He focuses on delivering timely, accurate, and reliable local news, including government updates, public issues, education, crime,...