खाद्य सुरक्षा समितियों की बैठक: पीडीएस व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
खाद्य सुरक्षा एवं सतर्कता समितियों की बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को अधिक प्रभावी बनाने तथा खाद्य सुरक्षा योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला रसद अधिकारी संदीप गौड़ ने की। इसमें तहसील स्तरीय समितियों के मनोनीत सदस्य एवं रसद विभाग के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक की शुरुआत में जिला रसद अधिकारी ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत करते हुए पीडीएस से संबंधित शासन के आदेशों, निर्देशों तथा समिति सदस्यों के अधिकारों और दायित्वों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा योजनाओं के प्रभावी संचालन और आमजन की समस्याओं के समाधान में सतर्कता समितियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उचित मूल्य दुकानों और सूचना तंत्र पर चर्चा
बैठक के दौरान समिति सदस्य नरेन्द्र गढ़वाल ने ग्राम बजावा (गुढ़ागौड़जी) में संचालित दो उचित मूल्य दुकानों के सामान्यीकरण की मांग उठाई। इस पर जिला रसद अधिकारी ने प्रवर्तन अधिकारी विकास महला को आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
सदस्यों ने सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान के लिए तहसील स्तर पर व्हाट्सएप ग्रुप बनाने का सुझाव भी दिया। इस पर जिला रसद अधिकारी ने सभी प्रवर्तन अधिकारियों और निरीक्षकों को तत्काल ऐसे समूह गठित करने के निर्देश दिए।
पात्रता नियमों और आवंटन प्रक्रिया की दी जानकारी
बैठक में राजपाल शेखावत ने सतर्कता समिति की गाइडलाइन उपलब्ध कराने का आग्रह किया। इस पर प्रवर्तन अधिकारी विकास महला ने उचित मूल्य दुकानों के संचालन समय, वितरण अवधि और स्टॉक संबंधी जानकारी साझा की।
वहीं शिशपाल (मलसीसर) ने खाद्य सुरक्षा योजना की पात्रता और सतर्कता समिति के दायित्वों के बारे में जानकारी मांगी। जिला रसद अधिकारी संदीप गौड़ ने पात्रता के सभी प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए सदस्यों की शंकाओं का समाधान किया।
इसके अलावा गोविन्द सारवाना (पिलानी) द्वारा उचित मूल्य दुकान आवंटन प्रक्रिया के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर प्रवर्तन निरीक्षक सुरेन्द्र जिलोवा ने पूरी प्रक्रिया की जानकारी दी।






