झुंझुनूं में 11 से 18 जुलाई तक चलेगा विश्व जनसंख्या दिवस जागरूकता अभियान
विश्व जनसंख्या दिवस-2026 के अवसर पर झुंझुनूं जिले में 11 से 18 जुलाई तक विशेष जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य योग्य दंपत्तियों को परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, अनियोजित गर्भधारण की रोकथाम तथा बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल के प्रति जागरूक करना है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि अभियान के दौरान जिलेभर में विभिन्न जागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें आमजन तक पहुंचकर परिवार नियोजन के उपायों और स्वस्थ परिवार के महत्व की जानकारी देंगी।
‘स्वस्थ परिवार’ पर रहेगा विशेष फोकस
सीएमएचओ ने बताया कि इस वर्ष विश्व जनसंख्या दिवस अभियान का मुख्य संदेश “जब बच्चों में सही अंतराल, परिवार बने स्वस्थ और खुशहाल” रखा गया है। अभियान के माध्यम से दंपत्तियों को यह संदेश दिया जाएगा कि बच्चों के जन्म के बीच उचित अंतराल रखने से मां और बच्चे दोनों का स्वास्थ्य बेहतर रहता है तथा परिवार का समग्र विकास संभव होता है।
स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और परिवार नियोजन संबंधी सेवाओं एवं परामर्श का लाभ उठाकर स्वस्थ एवं खुशहाल परिवार के निर्माण में सहयोग करें।






