सुलताना में युवक का घर में शव मिला, पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शुरू की जांच
झुंझुनूं जिले के सुलताना कस्बे के वार्ड संख्या 24 में एक 29 वर्षीय युवक का शव घर के कमरे में मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जबकि परिजन युवक को तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भाई ने दी पुलिस को सूचना
सुलताना थाना पुलिस के अनुसार, अभिषेक पुत्र दीपचंद ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे उसका बड़ा भाई अक्षय (29) अपने कमरे में था। काफी देर तक आवाज देने के बावजूद जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला तो उसने कमरे का दरवाजा खोला।
पुलिस के अनुसार, कमरे के भीतर अक्षय अचेत अवस्था में मिला। इसके बाद परिजन उसे तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से राजकीय अस्पताल, सुलताना लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मर्ग दर्ज, जांच जारी
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में परिजनों ने बताया कि उन्हें अक्षय की मृत्यु को लेकर किसी प्रकार का संदेह नहीं है। इसके आधार पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए मर्ग दर्ज कर लिया।
जांच अधिकारी एएसआई अनिल कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम चिड़ावा के राजकीय अस्पताल में कराया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।






