रात्रि चौपाल में गूंजीं ग्रामीणों की समस्याएं, कलेक्टर ने मौके पर दिए समाधान के निर्देश
झुंझुनूं, जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने गुरुवार शाम अलसीसर पंचायत समिति की ग्राम पंचायत चुड़ेला में आयोजित रात्रि चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। चौपाल के दौरान पेयजल संकट, जलभराव और आबादी विस्तार से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए। जिला कलेक्टर ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
आबादी विस्तार और जलभराव का मुद्दा उठा
ग्राम पंचायत प्रशासक बिमला देवी ने बताया कि गांव में आबादी विस्तार के लिए कई बार उच्च अधिकारियों को पत्र भेजे गए हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर जिला कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्रामीणों ने झुंझुनूं-बिसाऊ सड़क का स्तर ऊंचा होने के कारण बरसात के दौरान गांव में जलभराव की समस्या होने की जानकारी भी दी।
खराब ट्यूबवेल से पेयजल आपूर्ति प्रभावित
चौपाल में ग्रामीणों ने बताया कि गांव का एक ट्यूबवेल लंबे समय से खराब पड़ा है, जिससे पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो रही है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस पर जिला कलेक्टर ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को ट्यूबवेल को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराने तथा पेयजल व्यवस्था सुचारु करने के निर्देश दिए।
लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण पर दिया जोर
डॉ. अरुण गर्ग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीणों की मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पेयजल, जल निकासी और अन्य जनसुविधाओं से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण किया जाए।






