रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर ने सुनी ग्रामीणों की समस्याएं, बंद रास्ता खुलवाने सहित कई मामलों में दिए निर्देश
झुंझुनूं जिले के हांसलसर में गुरुवार को आयोजित रात्रि चौपाल में जिला कलक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए।
बंद कटानी रास्ता खुलवाने के दिए निर्देश
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने लंबे समय से बंद पड़े कटानी रास्ते को खुलवाने की मांग रखी। शिकायत पर जिला कलक्टर ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को रास्ता खुलवाने के निर्देश दिए।
इसी दौरान प्रशासक रामनिवास शर्मा ने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के सामने बनी पानी की टंकी को हटाने की मांग रखी, जिस पर जिला कलक्टर ने आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
सड़क, गोदाम और अन्य समस्याएं भी उठीं
ग्रामीणों ने क्षेत्र में सहकारी गोदाम के निर्माण के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी रखी। वहीं, ओवरलोड डम्परों के आवागमन से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की समस्या पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
फव्वारा चोरी और अन्य शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों ने फव्वारा चोरी की घटना का खुलासा करने, बड़ागांव में आबादी क्षेत्र के पट्टे जारी करने तथा गुढ़ा की आवासीय कॉलोनी में संचालित लोहे के वर्कशॉप से हो रही परेशानी की शिकायत भी दर्ज कराई।
इन सभी मामलों पर जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करने तथा आवश्यक प्रतिबंधात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए।






