झुंझुनूं में LDC भर्ती परीक्षा शुरू, 51 केंद्रों पर 34 हजार से अधिक अभ्यर्थी, कड़ी जांच के बाद मिला प्रवेश

झुंझुनूं राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की एलडीसी भर्ती परीक्षा रविवार को झुंझुनूं जिले के 51 परीक्षा केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शुरू हुई। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की जा रही है, जिसमें जिलेभर में 34,416 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं।

सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें देखने को मिलीं। निर्धारित समय के भीतर पहुंचे अभ्यर्थियों को सघन जांच के बाद ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया।

चार कस्बों में बनाए गए 51 परीक्षा केंद्र

जिले में परीक्षा के लिए झुंझुनूं मुख्यालय पर 21, चिड़ावा में 13, नवलगढ़ में 11 तथा बगड़ में 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सभी केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई।

परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है।

बायोमेट्रिक सत्यापन और मेटल डिटेक्टर से हुई जांच

नकल और डमी अभ्यर्थियों पर रोक लगाने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर बायोमेट्रिक सत्यापन, सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और मेटल डिटेक्टर के जरिए जांच की गई। जांच पूरी होने के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।

प्रवेश का समय सुबह 7:30 बजे से 8:30 बजे तक निर्धारित था। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया गया।

दो पारियों में होगी परीक्षा

एलडीसी भर्ती परीक्षा की प्रथम पारी सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक आयोजित की जा रही है। जिला प्रशासन का कहना है कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Live Updates
Best JEE Coaching Jhunjhunu City

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...