झुंझुनूं में बिजली बिल बकायेदारों पर सख्ती, 100 कनेक्शन काटे; एक दिन में 1.14 करोड़ रुपये से अधिक की वसूली
विद्युत निगम द्वारा शत-प्रतिशत राजस्व वसूली के लक्ष्य को लेकर झुंझुनूं जिले में विशेष बकाया राजस्व वसूली अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत 30 जुलाई को जिले के सभी उपखंड कार्यालयों की संयुक्त कार्रवाई में 100 बकायेदार उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए।
निगम के अनुसार इन कनेक्शनों पर 11.95 लाख रुपये की बकाया राशि लंबित थी।
एक दिन में 3,146 उपभोक्ताओं से वसूले 1.14 करोड़ रुपये
अभियान के दौरान विद्युत निगम की टीमों ने जिलेभर में व्यापक स्तर पर कार्रवाई करते हुए 3,146 विद्युत उपभोक्ताओं से कुल 1 करोड़ 14 लाख 76 हजार रुपये की बकाया राशि वसूल की।
बकाया नहीं चुकाने पर होगी सख्त कार्रवाई
अधीक्षण अभियंता (झुंझुनूं वृत्त) वीरेंद्र कुमार खीचड़ ने बताया कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा समय पर बकाया बिजली बिल जमा नहीं कराया जाएगा, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए विद्युत मीटर एवं सर्विस लाइन भी हटाई जाएगी।
उन्होंने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील करते हुए कहा कि इससे बिजली कनेक्शन विच्छेदन और अन्य वैधानिक कार्रवाई से बचा जा सकेगा तथा निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति का लाभ मिलता रहेगा।






