झुंझुनूं के 9 सरकारी अस्पतालों में ‘मा नेत्र वाउचर योजना’, कामगारों को मिलेगी मुफ्त आंखों की जांच और चश्मा
मा नेत्र वाउचर योजना के तहत झुंझुनूं जिले के 9 सरकारी अस्पतालों में ट्रक एवं बस चालकों सहित विभिन्न श्रेणी के कामगारों की निःशुल्क नेत्र जांच की जाएगी। जांच के दौरान आवश्यकता पाए जाने पर पात्र लाभार्थियों को निःशुल्क चश्मा भी उपलब्ध कराया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि योजना का संचालन बीडीके जिला अस्पताल झुंझुनूं, जिला अस्पताल नवलगढ़, उप जिला अस्पताल मलसीसर, खेतड़ी और चिड़ावा, तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिसाऊ, गुढ़ा गौड़जी, उदयपुरवाटी और सूरजगढ़ में किया जा रहा है।
इन कामगारों को मिलेगा योजना का लाभ
सीएमएचओ ने बताया कि योजना के तहत ट्रक एवं बस चालक, बढ़ई, नाई, दर्जी सहित विभिन्न श्रेणी के कामगारों की आंखों की जांच कर उन्हें जरूरत के अनुसार निःशुल्क चश्मा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने पात्र लाभार्थियों से अपील की कि वे संबंधित सरकारी अस्पतालों में पहुंचकर योजना का लाभ उठाएं।
आधार और जनआधार कार्ड साथ लाना जरूरी
योजना का लाभ लेने के लिए लाभार्थियों को आधार कार्ड और जनआधार कार्ड साथ लाना होगा। साथ ही जनआधार से लिंक मोबाइल नंबर सक्रिय होना आवश्यक है, क्योंकि पंजीकरण के दौरान उसी नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा।
योजना की प्रगति की हुई समीक्षा
योजना के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमएचओ डॉ. भंवर लाल सर्वा ने सोमवार को योजना से जुड़ी सभी नौ स्वास्थ्य संस्थाओं के नेत्र सहायकों की बैठक लेकर योजना की प्रगति की समीक्षा की और प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जिन श्रेणियों के लिए यह सुविधा उपलब्ध कराई गई है, वे अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ उठाकर अपनी आंखों की समय पर जांच करवाएं।






