झुंझुनूं, पंचायत चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता के प्रावधान तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। यह आचार संहिता चुनाव प्रक्रिया समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी।

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों, अधिकारियों और अन्य संबंधित पक्षों को आचार संहिता के प्रावधानों की पालना करनी होगी।

पहले से चल रहे विकास कार्यों पर रोक नहीं

आचार संहिता लागू होने से पहले जिन विकास कार्यों के कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं या जो कार्य पहले से चल रहे हैं, वे आचार संहिता से प्रभावित नहीं होंगे।

हालांकि, इस दौरान नई निविदाएं, नई योजनाएं, नए विकास कार्य और नए कार्यादेश जारी करना पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया के दौरान सरकारी मशीनरी और विकास कार्यों का राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल रोकना है।

संबंधित पंचायत क्षेत्र में स्थानांतरण पर भी रोक

चुनाव के दौरान बड़ी संख्या में कार्मिकों की आवश्यकता होगी। इसे देखते हुए संबंधित पंचायत क्षेत्र से होने वाले स्थानांतरण और संबंधित पंचायत क्षेत्र में किए जाने वाले पदस्थापन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान कार्मिकों की उपलब्धता और निर्वाचन कार्य को प्रभावित होने से बचाने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।

चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारी-कर्मचारी आयोग के अधीन

भारत के संविधान के अनुच्छेद 243K के तहत पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव कराने का दायित्व राज्य निर्वाचन आयोग में निहित है।

राजस्थान पंचायतीराज अधिनियम, 1994 की धारा 119 (A) के अनुसार चुनाव कार्य में लगाए गए सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्वाचन के दौरान राज्य निर्वाचन आयोग में प्रतिनियुक्त माने जाएंगे।

यदि चुनाव प्रक्रिया के दौरान कोई अधिकारी या कर्मचारी निर्वाचन से संबंधित सौंपे गए कर्तव्यों का निर्वहन नहीं करता है, तो इसे गंभीर कृत्य की श्रेणी में माना जाएगा। संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ आयोग द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

स्वतंत्र और शांतिपूर्ण चुनाव में सहयोग की अपील

राज्य निर्वाचन आयोग ने सभी राजनीतिक दलों, अभ्यर्थियों, मतदाताओं और मीडिया से स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने में पूर्ण सहयोग की अपील की है।

आयोग ने सभी संबंधित पक्षों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों का पालन करने और निर्वाचन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग देने का आग्रह किया है।

The most trusted source for latest news, breaking news and detailed analysis of Jhunjhunu, Sikar and Churu district. We bring news directly to you from Jhunjhunu, Nawalgarh, Mandawa, Chirawa, Udaipurwati,...